सपा का नया चुनावी पैतरा ;पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे लगवाएगी परशुराम की मूर्ति

# ## UP

(www.arya-tv.com)उत्तर-प्रदेश की सियासत में भगवान परशुराम को ब्राह्मण समाज से जोड़ा गया है। चुनाव आते ही ब्राह्मणों को साधने के लिए राजनीतिक पार्टियों में परशुराम का प्रेम जाग जाता है। इनकी मूर्ति को लेकर सियासत भी होती रहती है और इसी सियासत को आगे बढ़ाते हुए समाजवादी पार्टी अब सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे 108 फीट ऊंची परशुराम की मूर्ति लगवाने जा रही है। ताकि योगी के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से सफर करने वाले सपा की ओर से लगवाई गई परशुराम की मूर्ति देख सकें।

रिझाने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलन

दरअसल, कुछ महीने पहले यूपी के सियासत के केंद्र में ब्राह्मण थे। सभी सियासी दल ब्राह्मणों को लेकर घोषणाएं कर रहे थे। इस ब्राह्मण सियासत में सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने भगवान परशुराम की मूर्ति लगवाने की घोषणा की थी। इसके बाद मायावती ने भी सरकार बनने के बाद सबसे ऊंची प्रतिमा लगवाने का वादा किया। सूबे में बसपा ने ब्राह्मण को रिझाने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलन किया।

सुल्तानपुर जिले में परशुराम की मूर्ति लगाने की तैयारी 
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जातीय आधारित छोटे-छोटे दलों को लेकर अपने गठबंधन का गुलदस्ता तैयार कर रहें है। इसमें समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इसी गुलदस्ते में एक फूल सजाने को एक बार फिर ब्राह्मणों को रिझाने के लिए 11 दिसंबर को सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे भगवान परशुराम की मूर्ति लगाने की तैयारी है।

संतोष पांडेय तैयार करवा रहे हैं मूर्ति
सपा के ब्राह्मण नेता लम्भुआ से विधायक रहे संतोष पांडेय यह मूर्ति तैयार करवा रहे हैं। इस मूर्ति को जयपुर में प्रसिद्ध मूर्तिकार राजकुमार पंडित तैयार कर रहे हैं। मूर्ति के स्थापना के दिन एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के तमाम महामंडलेश्वर भी शिरकत करेंगे। साथ ही यहां एक जनसभा का आयोजन होगा, जिसमें शामिल होने के लिए ब्राह्मण वर्ग को विशेष न्योता दिया जाएगा।

विष्णु का छठां अवतार हैं भगवान परशुराम?
हिंदू धर्म में परशुराम को भगवान विष्णु का छठां अवतार माना जाता है। मान्यता है कि उनका जन्म उत्तर प्रदेश में ही हुआ था। बावजूद इसके उत्तर भारत में परशुराम का शायद ही कोई मंदिर दिखे। हालांकि, सपा की घोषणा के बाद गाजियाबाद के वसुंधरा और साहिबाबाद में भगवान परशुराम चौक की स्थापना भी की गई है। इस मूर्ति को पार्टी के नेता संतोष पांडेय की चिरंजीवी पीठ लगवा रही है। इस पीठ ने ही अब तक मेरठ के हस्तिनापुर, आगरा, जौनपुर, प्रयागराज, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, श्रावस्ती में 11 फीट से लेकर 31 फीट तक की भगवान परशुराम की मूर्ति लगवा चुकी है।