(www.arya-tv.com) सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल ने सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ने से मना किया है। उन्होंने कहा कि उनका अपना दल है, तो फिर वह किसी और के सिंबल पर चुनाव क्यों लड़ेंगी। इससे पहले समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर अपना दल कमेरावादी की प्रत्याशी पल्लवी पटेल कौशांबी जनपद के सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाली थीं।
केशव प्रसाद मौर्य से होना था सामना
वहां उनका सामना यूपी के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य से होना था। हालांकि, उन्होंने सपा से टिकट बंटवारे पर विवाद की वजह से बुधवार शाम टिकट ही वापस कर दिया। बताते चलें कि सिराथू से शीतला प्रसाद पटेल वर्तमान में भाजपा से विधायक हैं। शीतला प्रसाद पटेल का टिकट केशव मौर्या के चुनाव लड़ने के चलते काट दिया गया है। इस वजह से पटेल बिरादरी में रोष व्याप्त है। इसी का फायदा उठाने के लिए सपा ने पल्लवी को मैदान में उतारने का फैसला किया था।
सोनेलाल पटेल ने अपना दल की स्थापना की थी
बताते चलें कि सोनेलाल पटेल ने अपना दल की स्थापना की थी। उनकी विरासत हासिल करने के लिए पटेल परिवार में घमासान जारी है। इसकी वजह से पार्टी के दो टुकड़े हो चुके हैं। एक दल अपना दल एस बना, जिसकी मुखिया अनुप्रिया पटेल हैं और वह भाजपा को सपोर्ट करती हैं। वहीं, दूसरी पार्टी के रूप में अपना दल कमेरावादी बना, जिसकी उपाध्यक्ष अनुप्रिया की छोटी बहन पल्लवी पटेल और अध्यक्ष उनकी मां कृष्णा पटेल हैं। पल्लवी पटेल समाजवादी पार्टी को सपोर्ट करती हैं।