चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के बैग से करीब ₹2.05 करोड़ कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट को लेकर पहले से विशेष खुफिया सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर फ्लाइट संख्या FD-146 से लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग में रखे 8 कुकी टिन बॉक्स संदिग्ध पाए गए।
जांच में सामने आया कि हर टिन बॉक्स के अंदर पॉलीथीन पाउच में हरे रंग का ऑर्गेनिक पदार्थ भरा हुआ था। मौके पर फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) निकला। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 5.88 किलोग्राम बताया जा रहा है।
एयर इंटेलिजेंस के मुताबिक, जब्त हाइड्रोपोनिक गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹2.05 करोड़ आंकी गई है। यह गांजा उच्च गुणवत्ता का है, जिसे विशेष तकनीक से विदेशी बाजारों में तैयार किया जाता है। अधिकारियों ने गांजे के साथ पैकेजिंग सामग्री भी जब्त कर ली है।
