(www.arya-tv.com) यह बैठक नेत्री रागिनी रस्तोगी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए हुए, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इस बैठक में, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चिंता व्यक्त की गई और हिंदुओं पर हो रहे इन अत्याचारों पर विपक्षी नेताओं के मौन धारण करने पर, एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
2024 के लोकसभा चुनावों में, उत्तर प्रदेश में भाजपा का प्रदर्शन, इस बैठक में हुई चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में से एक था। भाजपा की स्थापना के समय से ही भाजपा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भाजपा का यह प्रदर्शन बेहद निराशाजनक लगा। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए, भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक नई रणनीति बनाकर पार्टी की ताकत बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता विचार परिवार,पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का एक समूह है जो अक्सर ऐसी बैठकें कर,पार्टी में चल रही गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हैं। इन कार्यकर्ताओं में बहुत से कार्यकर्ता ऐसे भी हैं जो जनसंघ के समय से ही पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। 1980 में जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, उस समय यह कार्यकर्ता भाजपा में आ गए और चार दशक गुज़र जाने के बाद भी, पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के हित के लिए कार्य कर रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं की निष्ठा का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि विपक्षी दलों की सरकारों में मिल रहे प्रलोभनों के बावजूद यह कार्यकर्ता, पूरी दृढ़ता के साथ भाजपा से जुड़े रहे।
बैठक में उपस्थित इन कार्यकर्ताओं में से कुछ कार्यकर्ता पार्टी के नेताओं द्वारा दरकिनार किये जाने से दुखी भी प्रतीत हुए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर आयोजित इस बैठक में, कार्यकर्ताओं ने अटल जी से जुड़े अपने संस्मरण भी साझा किए। इस बैठक में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता,वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बबुआ गुप्ता,लखनऊ पश्चिम से विधायक रहे स्व. सुरेश श्रीवास्तव के पुत्र सौरभ श्रीवास्तव सहित दर्जनों की संख्या में अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने, अटलजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।