भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक, सवा दो कुंतल दूध से हुआ रुद्राभिषेक

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com)  गोरखपुर में सावन माह के अंतिम सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। बोल-बम कांवरियां संघ द्वारा कांवड़ यात्रा निकाल कर उपनगर स्थित बाबा जलेश्वरनाथ मंदिर में धूमधाम से भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया गया। दोपहर तक चले कार्यक्रम में भारी संख्या में शिवभक्तों ने शिरकत की। मंदिर प्रांगण में भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

जगह-जगह रास्ते में शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन के अंतिम सोमवार को कांवड़ियां संघ के साथ नगर व क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुबह आठ बजे से ही शिवभक्त जल पात्र मुक्तिपथ, कलूट शाह शिवाला व अन्य घाटों पर जलपात्र में सरयू का जल भर कर लेटाघाट पर एकत्र हुए। गणेश पूजन के साथ पदयात्रा निकाली गई। जो डीह बाबा, अंबे टाकीज, गोला चौराहे से होते हुए कालेज रोड, पटना तिराहा, सोती चैराहा होकर बाबा जलेश्वर नाथ मंदिर परिसर पहुंची। हाथी, घोड़ा, बैंड, तासा व सिंघा जुलूस की शोभा बढ़ा रहे थे। जगह-जगह रास्ते में शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

सवा दो कुंतल दूध भगवान शिव को अर्पित

जुलूस के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में चल रहे थे। जबकि आरएसएस व कांवड़ियों की टोली समूह को घेरे में रख कर चल रही थी। मंदिर परिसर में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था की गई थी। सबसे पहले कांवड़ियों ने भगवान शिव का सरयू के जल से अभिषेक किया। दोपहर बारह बजे तक चले इस कार्यक्रम के बाद दो बजे से महा रुद्राभिषेक का कार्यक्रम शुरू हुआ। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से एकत्र सवा दो कुंतल दूध भगवान शिव को अर्पित किया गया। चेयरमैन प्रीति उमर ने प्रतिनिधि महेश उमर के साथ अपने आवास से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा की स्वागत किया। भीड़ के मद्देनजर पीएसी के जवान भी मौजूद रहें।