(www.arya-tv.com)नोएडा के सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में शुक्रवार रात 11 बजे से शनिवार सुबह 5 बजे तक कोरोना संक्रमित 8 मरीजों की मौत हो गई। मरीजों के परिजन का दावा है कि मौतें ऑक्सीजन की कमी से हुई हैं, हालांकि प्रशासन ने ऑक्सीजन की कमी से मौत होने के आरोपों से इन्कार किया है।
चाइल्ड पीजीआई के MD डॉ. आकाश राज ने बताया कि 8 मरीजों की मौत हुई है। ऑक्सीजन बाधित होने से मौत की खबर बेबुनियाद है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर के DM सुहास एलवाई ने बताया कि संस्थान के निदेशक डॉ. डीके गुप्ता से जानकारी मांगी गई है।
मृतकों की जानकारी देने से अस्पताल का इन्कार
बताया जा रहा है कि मृतकों में 30 से 50 वर्ष के बीच कुछ मरीज और कुछ 50 से 70 वर्ष के हैं। परिजन शवों को लेकर अंतिम संस्कार करने चले गए। संस्थान मृतकों की जानकारी देने से इन्कार कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि गंभीर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजाना 70 सिलेंडर ऑक्सीजन की खपत हो रही है, जबकि सामान्य दिनों में 6 सिलेंडर की खपत होती थी।
एक साथ 8 मौत पर खड़े हो रहे सवाल
संस्थान के एक कर्मचारी ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे से शनिवार सुबह 5 बजे के बीच एक साथ 8 मौतें हुई हैं। वहीं सूत्रों ने दावा किया कि 11 लोगों की जान गई है, लेकिन अस्पताल और जिला प्रशासन सिर्फ 8 मौत की पुष्टि कर रहा है। ऐसे में सवाल ये है कि 6 घंटे के बीच इतनी मौतें कैसे हुईं?