उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। पावर कॉर्पोरेशन की आईटी सेल की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, राज्य में 3 अप्रैल रात 10 बजे से 4 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक कुल 16 घंटे के लिए बिजली से जुड़ी सभी उपभोक्ता सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान न तो ऑनलाइन और न ही ऑफलाइन माध्यम से बिजली बिल जमा किया जा सकेगा।
साथ ही, प्रीपेड मीटर उपभोक्ता भी अपना मीटर रिचार्ज नहीं कर पाएंगे। आईटी सेल के अधीक्षण अभियंता अरविंद सिंह ने यह सर्कुलर पूर्वांचल (वाराणसी), मध्यांचल (लखनऊ), पश्चिमांचल (मेरठ), दक्षिणांचल (आगरा) और केस्को (कानपुर) डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को भेजा है।
सर्कुलर में बताया गया है कि इस अवधि में आरएमएस बिलिंग प्रणाली का मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा, जिसके चलते उपभोक्ता पोर्टल और यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप पूरी तरह से बंद रहेंगे। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर में बैलेंस कम है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे शुक्रवार से पहले ही रिचार्ज कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
