किसानों को ​कृषि तकनीकी की नई जानकारी, खेती में होगी उन्नति

Bareilly Zone UP

बदायूं।(www.arya-tv.com) कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय किसान मेले का सोमवार को समापन हुआ। इसमें किसानों को कृषि की नई तकनीकों की जानकारी दी गई। विभिन्न प्रकार की खेती करने वाले 32 किसानों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर रहे किसान को 7000, द्वितीय को 5000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया।

तृतीय स्थान सहित समस्त किसानों को शॉल ओढ़ाकर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर सोमवार को बदायूं क्लब में चल रहे तीन दिवसीय किसान मेले का समापन सिडको चेयरमैन बीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, डीएम कुमार प्रशांत, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने किया।

अतिथियों ने कृषि के विभिन्न प्रकार के स्टॉलों का भी अवलोकन किया। बीएल वर्मा ने कहा कि किसान तकनीकी एवं उन्नतिशील खेती करने की जानकारी हासिल कर स्मॉर्ट खेती करें और अधिक लाभ अर्जित करें। डीएम ने कहा कि किसान स्मार्ट खेती के साथ-साथ पशुपालन, मछली पालन, कुक्कुट पालन भी करें तो बेहतर होगा। किसान तकनीकी खेती में जैसे कम खर्च में अधिक उपज लेने के लिए स्प्रींकलर सिचाई का प्रयोग करें। एसएसपी, कृषि उपनिदेशक रामवीर कटारा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।