डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ मिशन शुरू, 2040 विजन को मिली रफ्तार

Lucknow
  • ‘द ग्रीन शिफ्ट’ के तहत सरोजिनी नगर में नेट ज़ीरो इंडस्ट्री का शुभारंभ, उद्योगों को नया रास्ता
    वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में सरोजिनी नगर बना हरित औद्योगिक परिवर्तन का केंद्र

लखनऊ के सरोजिनी नगर में ‘द ग्रीन शिफ्ट’ के अंतर्गत ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ पहल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया, जिन्होंने इस पहल को 2040 तक नेट ज़ीरो लक्ष्य हासिल करने की दिशा में निर्णायक कदम बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश खन्ना ने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोएक्टिव दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं के आने का इंतजार करने के बजाय उनके समाधान की तैयारी पहले से करनी होगी। उन्होंने डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा उद्योगों को एक मंच पर लाकर हरित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। यह पहल एक व्यापक नेट ज़ीरो रोडमैप का हिस्सा है, जिसमें स्कूल-कॉलेज, सोसायटी, टाउनशिप, इंडस्ट्री और गांव-सरोवर जैसे पांच प्रमुख स्तंभ शामिल हैं। ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ इस रोडमैप का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जो अब क्रियान्वयन के स्तर पर पहुंच चुका है।

कार्यक्रम में UP Rollers Association, Radico Khaitan, K3M Road Safety and Advertising, GPS Renewable Pvt. Ltd., SLMG Beverages Pvt Ltd और Jakson Renewable समेत कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयों ने भागीदारी की। साथ ही रामेश्वर सिंह, रजनीश सेठी, विकास आर्य, विवेक लाधानी, शैलेश विक्रम सिंह, तेजपाल सियाल, अजय गुप्ता, करण चंदा, शिव शंकर अवस्थी और सर्वेश गोयल की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदूषण और हीट स्ट्रेस के कारण उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिससे उत्पादकता में गिरावट आ रही है। ऐसे में ‘नेट ज़ीरो’ मॉडल को लागत नहीं, बल्कि अवसर के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे ऊर्जा बचत, कार्बन क्रेडिट और निर्यात में बढ़त जैसे फायदे मिल सकते हैं। उद्योगों को सहयोग देने के लिए सरकारी योजनाएं, ग्रीन फाइनेंसिंग, सस्ती दरों पर ऋण, विशेषज्ञ सहायता और तकनीकी समर्थन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 5 जून को ‘ग्रीन शिफ्ट इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस अवॉर्ड’ के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नेट ज़ीरो अब केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि एक व्यावहारिक और लाभकारी मॉडल बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल सरोजिनी नगर को सतत औद्योगिक विकास का अग्रणी मॉडल बनाएगी। इस पहल के साथ सरोजिनी नगर अब विकेंद्रीकृत जलवायु कार्रवाई का एक उदाहरण बनकर उभर रहा है, जो देश में हरित औद्योगिक परिवर्तन की नई दिशा तय करेगा।