जोन 5: सफेद हाथी साबित हो रहा नगर निगम का पम्पिंग सेट

Lucknow
  • जल निकसी के लिए स्कूटर्स इण्डिया चैराहे के पास लगाया गया था पम्पिंगसेट
  • छह दिन में सिर्फ दो दिन चला, कालोनी में घुस रहा गौरी गांव का गंदा पानी

सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनीनगर प्रथम वार्ड के गौरी बाजार के निकट स्थित देवलोक कालोनी के वाशिदों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए बीते मंगलवार को स्कूटर्स इण्डिया चैराहे के पास नगर निगम द्वारा लगाया गया पम्पिंगसेट सफेद हाथी साबित हो रहा है।

आलम यह है कि दो दिन दो-दो घंटे चलने के बाद यह बंद पड़ा है। एक स्थानीय सत्ता पक्ष के पदाधिकारी के कई बार कहने के बाद भी यह पम्पिंगसेट नही चलाया जाता। जिसके चलते स्थानीय नागरिको में आक्रोश व्याप्त है।

उल्लेखनीय है कि गौरी गांव का गंदा पानी स्कूटर्स इण्डिया चैराहे से दरोगाखेड़ा स्थित झील तक यह नाला अभी कच्चा है। स्कूटर्स इण्डिया चैराहे के निकट तकरीबन आधा दर्जन दुकानदारों ने इस नाले पर अवैध अतिक्रमण कर लिया था। जिसके नगर निगम की टीम ने एक सप्ताह पहले खाली तो करा दिया था। लेकिन नाले की सफाई न होने के चलते गौरी गांव का सारा गन्दा पानी देवलोक कालोनी में भर रहा था।

स्थानीय पार्षद रामनरेश रावत के काफी प्रयास के बाद यहां बीते मंगलवार को पम्पसेट लगाकर दो दिन पानी निकाला गया। लेकिन इसके बाद पम्प नही चलाया गया। पम्प लगाने के लिए नाले बंध लगाया गया था। जिससे अब गौरी गांव का सारा पानी देवलोक कालोनी में ही भर रहा है।

स्थानीय पार्षद एवं भाजपा के सरोजनीनगर संयोजक भुवनेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना मंगलवार से नगर आयुक्त सहित कई अधिकारियों से पम्प सेट चलवाने की मांग कर चुके है लेकिन कोई सुनवाई नही हुई।