लखनऊ नगर आयुक्त ने किया रैन बसेरों का निरीक्षण: कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को चेतावनी, सुधार के निर्देश

# ## Lucknow

 नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार को रैन बसेरा का निरीक्षण किया। अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा के साथ सबसे पहले जोन-3 क्षेत्र में निशातगंज स्थित उमराव अहाता कॉलोनी के रैन बसेरा का निरीक्षण किया। यहां पीछे सीवर जाम की गंभीर समस्या मिली।

जोन की पलटन छावनी में संचालित रैन बसेरा की भी सुविधाओं का आकलन किया। वहां बेड की संख्या कम मिली। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के रैन बसेरा का दौरा करके तैयारियों की स्थिति जानी। अंत में जोन-7 के अंतर्गत इंदिरा नगर सी-ब्लॉक स्थित रैन बसेरा की तैयारियों का विस्तार से निरीक्षण किया।

जगह-जगह कूड़ा, आज से कलेक्शन के निर्देश

नगर आयुक्त निशातगंज स्थित डूडा कॉलोनी पहुंचे। वहां पर स्थानीय लोगों ने सीवर जाम व जलभराव की शिकायत की। इस पर गंभीरता दिखाते हुए जीएम जलकल को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी में जगह-जगह कूड़ा फैला मिला। लोगों ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी कॉलोनी में नहीं आती।

इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित संस्था एलएसए को सख्त निर्देश दिए कि शनिवार से नियमित डोर-टू-डोर कलेक्शन शुरू कराया जाए। अन्यथा कार्रवाई करेंगे। इसके बाद लक्ष्मण गोशाला का निरीक्षण करके मवेशियों की देखभाल, भूसे और खाद्य पदार्थों के स्टॉक की विस्तृत जानकारी ली।