(www.arya-tv.com) देशभर में सर्दी ने एक बार फिर वापसी की है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब सहित अधिकतर मैदानी राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में एक बार फिर हाड़ कंपाने वाली सर्दी लौट आई है। यहां 25 दिनों के बाद फिर न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों के लिए घने कोहरे और शीत लहर की संभावना जताई है। साथ ही उत्तर राजस्थान, वेस्ट बंगाल और सिक्किम में भी घने कोहरे का अनुमान है। पूर्वोत्तर में भी असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में घना कोहरा देखने को मिल रहा है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 31 जनवरी तक ठंड और बढ़ेगी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात के समय में आसमान के साफ रहने से बीते दिन ठंडी हवाओं के चलने का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने कहा कि, ‘यहां 31 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।’ श्रीनगर में इस समय तापमान माइनस 5 डिग्री से नीचे चल रहा है। घाटी में लगातार बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में इस समय यातायात भी बाधित है।
राजस्थान में शीतलहर से गलन बढ़ी, जयपुर में दिन-रात का पारा सामान्य से नीचे
राजस्थान में सर्दी ने फिर यू-टर्न ले लिया है। बीते दाे दिनों से लगातार चल रहीं सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया है। और दिनभर गलन का अहसास है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में दाे दिन में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक लुढ़का है, वहीं हवा में 87 फीसदी नमी हाेने से गलन बढ़ने से धूप भी बेअसर हाे रही है।
शीतलहर चलने से न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान भी गिरावट हुई है। बीती रात न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। माैसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकाें में बर्फबारी से ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। सर्द हवाओं का दाैर अगले तीन चार दिन रहेगा। 30 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है।