(www.arya-tv.com)लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में मोहान रोड स्थित केंद्रीय भण्डारण के पास हसनगंज बावली निवासी एक छह साल की मासूम के पैर में संदिग्ध हालात में गोली लग गई। रविवार दोपहर घटना के वक्त तीसरी मंजिल पर मासूम बच्चे की मां खाना खिला रही थी। इसी दौरान अचानक बच्चे के पैर में गोली लगी। जिससे बच्चे का पैर लहूलुहान हो गया। परिजनों ने पास में ही स्थित क्लीनिक पर उसका प्राथमिक उपचार कराया। जहां उन्हें बच्चे के गोली लगने की बात पता चली। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना पुलिस घटना के पीछे किसी शरारती तत्व (असलहा टेस्टिंग) और हर्ष फायरिंग में गोली चलने की आशंका जता रही है।
असलहा टेस्टिंग की आशंका, संदिग्धों पर नजर
तालकटोरा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि हसनगंज बावली निवासी फर्नीचर मिस्त्री सुशील कुमार की पत्नी नीतू रविवार दोपहर बाद छह साल के बेटे देव को तीसरी मंजिल की छत पर खाना खिला रही थी। इसीबीच बच्चे के बाएं पैर के तलवें में एक गोली लगी। जिससे पैर जख्मी हो गया। परिजन पैर कैसे जख्मी हुआ नहीं समझ पाए। डॉक्टर के यहां जाने पर गोली लगने की बात सामने आई। सूचना पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घर के आसपास असलहा के लाइसेंस धारी के साथ अराजक तत्वों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के पीछे हर्ष फायरिंग या असलहा टेस्टिंग की आशंका है। जल्द ही घटना का खुलासा घर लिया जाएगा। गोली छूकर निकल जाने से बच्चा स्वस्थ है।
