आकांक्षा की मां से मिलीं भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा:मां ने आंचल फैलाकर CM से मांगी मदद

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com)  भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड के बाद बुधवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह उनके पैतृक गांव भदोही पहुंचीं। आकांक्षा की मां अक्षरा से लिपटकर रोने लगीं। अक्षरा ने उन्हें सांत्वना दी। निष्पक्ष जांच कराने में सभी से सहयोग की अपील की। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने इस मामले में CM से जांच की मांग की है। उन्होंने अपना आंचल फैलाकर CM से बेटी की मौत की जांच में मदद की गुहार लगाई है।

उधर, सुसाइड केस में नामजद आरोपी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह की लोकेशन गोरखपुर में पता चली है। वाराणसी पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदार के घर गोरखपुर में दबिश दी। पुलिस ने रिश्तेदार का घर खंगाला। घंटों की कवायद के बाद पुलिस के हाथ खाली रहे। एसीपी सारनाथ ने जल्द ही समर सिंह और उसके भाई की गिरफ्तारी का दावा किया। मुंबई रवाना हुई टीम वहां समर सिंह के बारे में जानकारी जुटा रही है। सारनाथ पुलिस ने मेंहनगर आजमगढ़ में भी कई लोगों से घंटों तक पूछताछ की।

वहीं, भदोही में मृतका आकांक्षा दुबे के परिजन और गांव के लोग सड़क जाम करने के लिए पहुंच गए। हालांकि वहां पहले से मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन लोगों को सड़क जाम करने से रोक दिया

गमगीन अक्षरा गले लगकर मां को शांत कराती रहीं
बुधवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह आंकाक्षा के पैतृक गांव बरदाहा पहुंचीं। अक्षरा को देखते ही मां उनसे लिपट गईं और खूब रोईं। अक्षरा गले लगकर उन्हें शांत कराती रहीं। अक्षरा ने कहा कि आंकाक्षा का सुसाइड बेहद हैरान करने वाला है। आकांक्षा बहादुर लड़की थी। अच्छा काम कर रही थी। घटना ने मुझे अंदर से हिला दिया। विश्वास ही नहीं होता कि जो लड़की अपने परिवार को एक बेहतर जिंदगी देने के लिए काम कर रही थी, आज उसके परिजन उसके लिए आंसू बहा रहे हैं।

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने इस मामले में CM से जांच की मांग की है। उन्होंने अपना आंचल फैलाकर CM से बेटी के लिए मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है। उसे समर और संजय सिंह ने मिलकर मारा है। दोनों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्हें फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को लगातार टॉर्चर करते थे। किसी दूसरे के साथ काम नहीं करने का दबाव बनाते थे

मां बोलीं- समर और संजय सामने आएं
मां ने कहा कि बेटी को अभी बहुत आगे जाना था, लेकिन अब वह नहीं रही। अब मेरा ध्यान कौन रखेगा। मेरा कौन सहारा बनेगा। मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। समर और संजय अगर सही हैं तो सामने आएं और बताएं क्या हुआ था। मेरी बेटी इन लोगों की छोटी-छोटी बातों को छिपाती रही। अगर पहले ही शिकायत कर देती तो ये दिन नहीं आता।

क्या लिखूं, क्या कहूं समझ नहीं आ रहा…: अक्षरा
अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से आकांक्षा दुबे की मां के साथ तस्वीर शेयर की। लिखा- ”क्या लिखूं, क्या कहूं समझ नहीं आ रहा। कल का तुम्हारा मैसेज- कहां हो दीदी वाराणसी में? मुझे अब तक यकीन नहीं हो रहा है। ये वही इतनी बहादुर लड़की है, जिसने अपने माता-पिता को उम्मीद, एक बेहतर जिंदगी देने की सोच रखी थी। लड़कियों अब भी वक्त है। जागो और कुछ गलत करने से पहले अपने माता-पिता का एक बार सोचो।”

वाराणसी और आजमगढ़ के करीबियों की सूची
समर सिंह और संजय की तलाश में पुलिस ने करीबियों की सूची तैयार की है। उनसे भी बातचीत कर दोनों का पता लगाया जा रहा है। लोकल पुलिसकर्मी वाराणसी में उसके करीबियों के यहां नजर बनाए हैं। पटना, वाराणसी, आजमगढ़ और मऊ के रिश्तेदार भी लिस्ट में शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक सारनाथ धर्मपाल सिंह ने बताया कि हम समर और संजय के करीब हैं। जल्द ही दोनों गिरफ्त में होंगे।