आगरा (www.arya-tv.com) आगरा में अब सुबह और शाम गलन का अहसास होने लगा है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट है। अभी तक धूप निकलने से राहत थी लेकिन सोमवार सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए हैं। सूरज के छिपते ही ठंडी हवा फुरफुरी सी छुड़ा रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ है। वहीं एक दो दिन में तापमान के छह डिग्री तक लुढ़कने के आसार जताए गए हैं।
सुबह गलन भरी सर्दी से सोमवार को आगरा में तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में बादल छाए रहने की वजह से धूप हल्की ही रहेगी। सुबह और रात को गलन भरी सर्दी में कंपकंपी छूटने लगी है। सुबह गलन भरी सर्दी में अधिकांश लोग टहलने नहीं गए। वहीं, सुबह के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है और सर्द हवा चलने से लोगों को परेशानी होने लगी है। न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ का तापमान छह डिग्री के आसपास आ गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, आगरा में भी शीतलहर लेकर आएगी।
सुबह छाएगा कोहरा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी एक दो दिन में ही सुबह और रात में कोहरा छाएगा। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।