जाम से मिलेगी राहत:पांच लाख से ज्यादा आबादी को मिलेगी जाम से राहत, 15 अगस्त तक शुरू हो जाएगा विक्टोरिया फ्लाईओवर

Lucknow

(www.arya-tv.com)पुराने लखनऊ में चौक, अकबरी गेट, नक्खास, विक्टोरिया स्ट्रीट, पाटा नाला, सआदतगंज, नादान महल रोड, यहियागंज समेत करीब पांच लाख लोगों को 15 अगस्त के बाद जाम नहीं झेलना पड़ेगा। करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विक्टोरिया फ्लाईओवर का 99 फीसदी काम पूरा हो गया है। इसको 15 अगस्त या उससे पहले ही आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाए। रक्षामंत्री राजनाथ के दौरे के दौरान सेतु निगम के अधिकारियों ने उनको यह जानकारी दी। पुराने लखनऊ समेत राजीपुरम, टिकैत राय तालाब, ऐशबग समेत 70 से ज्यादा इलाकों को जाम से निजात दिलाने के लिए इलाके में तीन फ्लाईओवर का प्रस्ताव था। इसमें दो शुरू हो गए है। तीसरा 15 अगस्त तक शुरू हो जाएगा। दावा है कि इस तीनों के बाद करीब 15 लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिलेगी। अभी तक चौक या ठाकुरगंज में एक किलोमीटर के सफर में कई बार 30 से 35 मिनट का समय लग जाता है लेकिन अब इस तरह के जाम लगने की संभावना कम है।

एनओसी की वजह से फंसा था मामला

इसमें बीच में करीब आठ महीने काम बंद हो गया था। इसकी बड़ी वजह एक लोग का कोर्ट जाना और दूसरा पुरात्तव विभाग से एनओसी न मिलना। पिछले दिनों स्थानीय सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने निरीक्षण कर अधिकारियों में सहमति बनाई। इसके बाद पुरातत्व एनओसी मिलने में करीब छह महीने लग गए। उसके बाद जून 2021 में काम में तेजी आई।

चौक से आलमबाग का सफर 20 मिनट में होगा पूरा

चौक इलाके में चिकन का काम करने वाले क़ृष्णा पाल बताते हैं कि विक्टोरिया फ्लाईओवर शुरू होने के बाद चौक से आलमबाग जाने में महज 15 से 20 मिनट का समय लगेगा। अभी तक लोगों को एक घंटे तक का समय लग जाता था। लेकिन अब इस रास्ते में दो फ्लाईओवर बन गए है, जिससे कि जाम नहीं लगेगा। बताया कि इससे कारोबार भी बढ़ेगा। अभी कई बार जाम की वजह से लोग चौक नहीं आते है। ​​​​​​​

फ्लाईओवर एक नजर में

लंबाई 2.478 किलोमीटर
लेन 02
लागत 142 करोड़
निर्माण शुरू अक्टूबर 2018
लक्ष्य 15 अगस्त 2021
प्रगति 99 प्रतिशत