(www.arya-tv.com)काशी ने इस बार देव दीपावली पर अयोध्या का रिकार्ड तोड़ दिया। अयोध्या में दीपावली पर 12 लाख दीये जलाए गए थे। जबकि काशी में देव दीपावली के मौके पर 84 गंगा घाटों पर 15 लाख दीये जलाए गए। 2 लाख से ज्यादा लोग 84 घाटों पर पहुंचे। पर्यटकों ने गंगा में नौका की सवारी की। गंगा में छोटे से लेकर बड़े सभी नाव, स्टीमर और क्रूज पर पर्यटकों ने पार्टी की। सैम मानिक शॉ और अलकनंदा क्रूज की महंगी सवारी भी पर्यटकों को खूब पसंद आई। सबसे आकर्षित करने वाला दृश्य राज चेत सिंह घाट पर दिखा। यहां लेजर लाइट और साउंड से बाबा विश्वनाथ का तांडव नृत्य व काशी का अध्यात्म दिखाया गया। वहीं फायर बॉक्स से आसमान में आतिशबाजी की गई।
घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जुटने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। नदी में गोताखोरों की तैनाती की गई थी। भीड़ को रोकने के लिए जगह-जगह बल्लियां लगाई गई थी। चेकिंग के बाद ही लोगों को घाटों की तरफ जाने की अनुमति दी जा रही थी।
इससे पहले दोपहर में काशी का आकाश सतरंगी हॉट बैलून से भर गया। तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को हॉट एयर बैलून में 1 हजार फीट की ऊंचाई से काशी की छटा निहारने का मौका मिला। गंगा किनारे रेती पर आसमान में उड़ते हॉट एयर बैलून लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।