प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शुरू की गई प्रेरणा कैंटीन योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित इस पहल के माध्यम से अब तक 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित इन कैंटीनों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम प्रदान किया है।
प्रदेश में वर्तमान में 2100 से अधिक प्रेरणा कैंटीन संचालित हो रही हैं। इनका संचालन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं कर रही हैं, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ स्थायी आय का स्रोत मिला है। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि हुई है। प्रेरणा कैंटीन का संचालन जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय और विकासखंड कार्यालयों के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में किया जा रहा है। इन कैंटीनों में सरकारी कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ और किफायती भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिल रही है और महिलाओं की आय भी निरंतर बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य केंद्रों पर भी विशेष अभियान चलाकर प्रेरणा कैंटीन की स्थापना की गई है। अब तक प्रदेश में 832 प्रेरणा कैंटीन पीएचसी और सीएचसी में स्थापित की जा चुकी हैं। इन कैंटीनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल रहा है, जिससे उन्हें घर से दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। प्रेरणा कैंटीन से जुड़ी प्रत्येक महिला को औसतन 10 हजार रुपये से अधिक की मासिक आय हो रही है। इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रेरणा कैंटीन की प्रमुख उपलब्धियां
• प्रदेश में 2100 से अधिक प्रेरणा कैंटीन संचालित
• 10 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति
• 832 कैंटीन पीएचसी और सीएचसी में स्थापित
• हर महिला को औसतन 10 हजार रुपये से अधिक मासिक आय
• स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को मिला स्थायी रोजगार।
