मकर संक्रांति के बाद मांगलिक और शुभ कार्यों शुरु हो गए हैं। फरवरी से मई के बीच विवाह के लिए कई विशेष शुभ योग बन रहे हैं, जिसका सीधा असर बाजार की रौनक पर दिख रहा है। महानगर के प्रमुख बाजार गंज, टॉउन हॉल, चौमुखापुल, बुधबाजार समेत अन्य इलाकों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है।
विवाह सीजन को देखते हुए साड़ियों की दुकानों पर खास चहल-पहल है। बनारसी और जयपुरिया साड़ियों के साथ-साथ इस बार कतान सिल्क, ऑर्गनजा, जॉर्जेट, टिश्यू, जांगला, तनछोई, बुटीदार और जामदानी साड़ियों की खास मांग देखी जा रही है। वहीं बंधेज-बंधनी, लहरिया, ब्लॉक प्रिंट और सांगानेरी प्रिंट जैसे पारंपरिक डिजाइनों को युवा वर्ग खासा पसंद कर रहा है।
दुल्हन के परिधानों के अलावा लहंगे और डिजाइनर सूट की भी बाजार में जमकर खरीदारी हो रही है। फैशन के साथ तालमेल बिठाने के लिए महिलाएं और युवतियां अब आउटफिट के हिसाब से ज्वैलरी का चयन कर रही हैं। सोने-चांदी के आभूषणों के दाम ऊंचे होने के चलते इस समय आर्टिफिशियल ज्वैलरी की डिमांड तेजी से बढ़ी है। नेकलेस सेट, ईयररिंग्स, मांगटीका और चूड़ियों की दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है।
ज्योतिषाचार्य पुरुषोत्तम के अनुसार, शुभ मुहूर्तों की संख्या अधिक होने से इस बार विवाह सीजन लंबा और लाभकारी रहने की उम्मीद है। फरवरी माह में कुल 12 शुभ विवाह मुहूर्त हैं। 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25 और 26 फरवरी को विवाह के लिए विशेष रूप से श्रेष्ठ योग बन रहे हैं। मार्च में 1, 3, 7, 8, 9, 11 और 12 मार्च को शुभ मुहूर्त रहेंगे। अप्रैल माह में 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 अप्रैल को कुल आठ शुभ तिथियां होंगी। इसके बाद मई में 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 मई को विवाह के शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं। लगातार शुभ तिथियों के कारण बाजारों में रौनक बनी हुई है और व्यापारी अच्छे कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
व्यापारियों की राय
साड़ी व्यापारी राहुल छाबड़ा ने बताया कि इस बार बनारसी और कतान सिल्क के साथ-साथ ऑर्गनजा और टिश्यू साड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है। विवाह मुहूर्त अधिक होने से बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी रेखा गुप्ता ने बताया कि सोने-चांदी के दाम बढ़ने से ग्राहक आर्टिफिशियल ज्वैलरी की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं। डिजाइन और वैरायटी के कारण युवतियां इसे खूब पसंद कर रही हैं।
