शहर में गुरुवार को दिन भर हुई रिमझिम बारिश ने ठंड का एहसास करा दिया। अधिकतम तापमान में तो 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक रिकार्ड रहा। दिन भर रूक-रुक कर बारिश होने से लोगों का कामकाज भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और एक या दो बार गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
सुबह से ही बारिश शुरू होने से बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई। कुछ देर के लिए बूंदाबांदी थमी, लेकिन दोपहर में फिर शुरू हो गई। शाम तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा। ज्यादातर लोग घरों में ही कैद रहे। अधिकतम तापमान में लगभग 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री रहा। पूरा दिन में 22.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बरसात के बावजूद धूम से मनी गुरुनानक देव की जयंती
गुरु नानक देव की जयंती के उत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को लालबाग स्थित हरि ओम मंदिर में आसा दी वार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद तुलसी कथा, सत्संग व भजनों की प्रस्तुति अनूप केसरवानी ने की। आरती अरदास के बाद लंगर वितरण किया गया।
रिमझिम बरसात के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन का आनंद लिया। मुख्य रूप से जेपी नागपाल, सुरेश छाबलानी, प्रकाश गोधवानी, हरीश वाधवानी, मनोहर लाल केसवानी, अंजू नागपाल, गीता हरजानी, हरदेवी, राम बालानी, प्रदीप मन्ना, शांता वाधवानी और रमेश बलानी आदि सेवादार मौजूद रहे।
