यूपी में मानसून की एंट्री, दिल्ली एनसीआर पर भी मेहरबान हुआ मौसम, पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट

# ## Environment

(www.arya-tv.com) उत्तर भारत में मानसून की एंट्री के साथ गर्मी से राहत मिलने लगी है। हालांकि राजधानी दिल्ली सहित पश्चिमी भारत में गर्मी का कहर जारी है। तापमान रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है। बीते कुछ दिनों से कई इलाकों में छुट-पुट बारिश भी हुई। मगर इसके बावजूद पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा देखने को मिला। हालांकि गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए अब राहत की खबर सामने आई है। मानसून ने यूपी में दस्तक दे दी है। वहीं आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है।

यूपी पहुंचा मानसून

उत्तर प्रदेश को बेहद बेसब्री से मानसून का इंतजार था। अब ये इंतजार खत्म हो चुका है। मध्य प्रदेश और बुंदेलखंड के रास्ते मानसून ने यूपी में एंट्री कर ली है। बीती रात को मानसून यूपी के ललितपुर पहुंचा, जहां 12 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। इसी के साथ आस-पास के इलाकों में भी भारी बरसात देखने को मिली। अलीगढ़ में 102 मिलीमीटर बारिश  हुई है।

लखनऊ में होगी झमाझम बारिश

IMD के अनुसार अगले 2-3 दिन में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश में छा जाएगा। वहीं अगले 7 दिनों तक सूबे में मूसलाधार बारिश होगी। आज मानसून यूपी की राजधानी लखनऊ में भी दस्तक देने वाला है।  IMD ने यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस लिस्ट में लखनऊ, देवरिया, गोरखपुर, एसके नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच समेत पूर्वी यूपी के कई जिले शामिल हैं।

दिल्ली में मौसम रहेगा कूल-कूल

दिल्ली एनसीआर बेशक अभी भी मानसून की राह ताक रहा है। मगर प्री मानसून बारिश के कारण दिल्ली को भी गर्मी से राहत मिल सकती है। IMD के अनुसार 30 जून तक दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से लेकर 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।