बाहुबली बृजेश सिंह की पत्नी आज लेंगी शपथ; भाजपा से है ढाई दशक पुराना नाता

# ## UP

(www.arya-tv.com)  वाराणसी की सेंट्रल जेल में बंद बाहुबली पूर्व MLC बृजेश सिंह की पत्नी निर्दलीय MLC अन्नपूर्णा सिंह जल्द ही BJP में शामिल होंगी। आज अन्नपूर्णा सिंह लखनऊ में विधान परिषद सदस्य के तौर पर शपथ लेंगी। इसके बाद वह अपने भतीजे और चंदौली की सैयदराजा सीट से विधायक सुशील सिंह की मदद से BJP का दामन थामेंगी।

हालांकि अभी इसे लेकर BJP और अन्नपूर्णा सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मगर, सूत्रों का दावा है कि अन्नपूर्णा सिंह के BJP जॉइन करने की पटकथा लिखी जा चुकी है।

2016 में लिख दी गई थी पटकथा
वाराणसी की सेंट्रल जेल से बाहुबली बृजेश सिंह ने 2016 में MLC चुनाव जीता था। उस दौरान उन्हें BJP का अघोषित समर्थन हासिल था। उससे पहले 2010 में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह बसपा से MLC चुनी गई थीं। 2022 में वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से बृजेश सिंह और उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

जानकार बताते हैं कि बृजेश या अन्नपूर्णा का पहले से ही जीतना तय माना जा रहा था। बृजेश चुनाव जीतते तो BJP में शामिल होने में उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि आड़े आती। ऐसे में उन्होंने बुद्धिमानी से काम लेते हुए अपना पर्चा वापस ले लिया और अन्नपूर्णा सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में डटी रहीं।

PM और CM की की प्रशंसा करती रहीं अन्नपूर्णा
चुनाव प्रचार के दौरान अन्नपूर्णा सिंह ने BJP के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। बल्कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा ही करते हुए दिखीं। MLC चुनाव भारी मतों से जीतने के बाद भी वह BJP को लेकर बेहद संयमित नजर आईं। साथ ही उन्होंने मतगणना के दिन ही संकेत दे दिया था कि अब वह जल्द ही BJP में शामिल होंगी।

बृजेश के बड़े भाई सबसे पहले जुड़े थे BJP से
बाहुबली बृजेश सिंह वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के धौरहरा गांव के मूल निवासी हैं। BJP से सबसे पहले उनके बड़े भाई उदयनाथ सिंह उर्फ चुलबुल सिंह जुड़े थे। वाराणसी में पंचायत की राजनीति के चाणक्य कहलाने वाले चुलबुल सिंह 1995 में सेवापुरी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुने गए थे। फिर वह जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए। इसके बाद 2010 तक लगातार दो बार वह MLC रहे। चुलबुल सिंह के बड़े बेटे सुशील सिंह, छोटे बेटे सुजीत सिंह उर्फ डॉक्टर और दोनों बहुएं भी BJP से ही जुड़ी रहीं। अब जाकर चुलबुल सिंह के छोटे भाई बृजेश सिंह का कुनबा भी BJP में शामिल होगा।