विधायक विजय मिश्र की बेटी साइकिल पर हुई सवार, लोगों ने ​कही ये बात

UP Varanasi Zone

वाराणसी(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद के ज्ञानपुर से बाहुबली विधायक विजय मिश्र की बेटी सीमा मिश्रा के दोबारा सपा में शामिल होने के बाद भदोही जिले के सियासी गलियारे में हलचल मच गई है। रिश्तेदार से संपत्ति विवाद में जेल में बंद विधायक की बेटी के अखिलेश की साइकिल पर सवार होने के कई सियासी निहितार्थ निकाले जाने लगे हैं। वहीं आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली और बसपा से जुड़ीं पूर्व मंत्री विद्या चौधरी ने शुक्रवार को सपा का दामन थाम लिया।

सीमा मिश्रा 2014 में सपा के टिकट पर भदोही सीट से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होंने भाजपा के वीरेंद्र सिंह मस्त को कड़ी टक्कर दी थी। उस समय विधायक विजय मिश्र सपा में थे। 2022 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शतरंज की बिसात पर मुहरे सजा रहे अखिलेश यादव के इस कदम को भदोही जिले के राजनीतिक परिदृश्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकार बताते हैं कि चार बार से लगातार विधायक रहे विजय मिश्र को रोकने में जुटे विरोधियों के लिए सीमा की सपा में ताजपोशी नई चुनौती बन सकती है। यद्यपि इस ताजे राजनीतिक घटनाक्रम का असली मकसद तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन एक बात तो तय है कि सपा ने सीमा को अगर चुनावी योद्धा बनाकर भदोही के मैदान में उतार दिया तो स्थानीय राजनीति की तासीर बदल सकती है।