गोरखपुर(www.arya-tv.com) पुरुवा हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। इसका असर यह है कि कोहरे में डूबी सुबह माघ का आभास करा रही है तो दिन में चटख धूप फागुन का। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी आगामी 16 फरवरी तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। सुबह कोहरे में लिपटी रहेगी।
शनिवार को दिन में हल्के बादल भी छाये रह सकते हैं। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस ठंडा व रात करीब एक डिग्री गर्म रही।शुक्रवार से मौसम एक बार फिर बदला-बदला सा नजर आया। सुबह घना कोहरा तो दोपहर 12 बजते-बजते चटख धूप हो गई।
लोगों ने धूप में गर्माहट भी महसूस की। स्थिति यह रही कि दिन का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 10 बजे तक पुरुवा हवाएं चलीं। उसके बाद दक्षिण पश्चिम से हवाएं चलनी शुरू हो गईं। हवाओं की अधिकतम गति 8 किलोमीटर प्रति घंटे रही। हवा में नमी का स्तर 64 से 96 फीसद दर्ज हुआ।
