सिटीजन फीडबैक में मेरठ की टॉप 10 में एंट्री, 2021 में रही अच्छी रैंक

Meerut Zone

मेरठ(www.arya-tv.com) स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में अच्छी रैंक के सपने को साकार करने की दिशा में मेरठ तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह हम नहीं कह रहे हैं बल्कि सिटीजन फीडबैक के आंकड़े बयां कर रहे हैं। शनिवार रात 9.30 बजे तक मेरठ नगर निगम 1,28,861 वोटों के साथ प्रदेश में आठवें नंबर पर पहुंच गया है।

सिटीजन फीडबैक की प्रतिस्पर्धा तो मार्च तक चलनी है, लेकिन 13 फरवरी की रात 9.30 बजे जो रिपोर्ट सामने आई है। वह मेरठियों के लिए सुखद है। दरअसल, प्रदेश स्तर पर मेरठ पड़ोसी जिले गाजियाबाद को 2119 वोटों से पछाड़ते हुए आठवें स्थान पर पहुंच गया है। मेरठ नगर निगम को 1,28,861 वोट मिल चुके हैं। जबकि गाजियाबाद नगर निगम के 1,26,742 वोट प्राप्त हुए हैं। गाजियाबाद नगर निगम नौंवे स्थान पर है। दसवें स्थान पर 1,08,441 वोट के साथ नोएडा नगर निगम है। हालांकि प्रदेश में पहले पायदान पर प्रयागराज नगर निगम है।

प्रयागराज नगर निगम को 4,68,923 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर लखनऊ नगर निगम 4,25,481 वोट, तीसरे नंबर पर कानपुर नगर निगम 3,76,071 वोट, चौथे नंबर पर सहारनपुर नगर निगम 2,17,034 वोट के साथ प्रतिस्पर्धा में मौजूद हैं। जबकि पांचवे नंबर पर गोरखपुर नगर निगम 2,15,023 वोट, छठवें नंबर पर वाराणसी नगर निगम 2,06,002 वोट, सातवें नंबर पर पटियाली नगर पंचायत 1,30,903 वोट के साथ प्रतिस्पर्धा में मौजूद हैं।