(www.arya-tv.com) मेरठ में नोज पिन (नाक में पहने जाने वाली लौंग) चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक ज्वेलरी शोरूम पर खरीदारी करने 2 महिलाएं पहुंची। उन्होंने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और 50 सेकंड में 9 लौंगों को चुरा ली।
मुंह में एक के बाद एक लौंग रखकर रफूचक्कर हो गईं। महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार ने माल चेक किया तो लौंगे गायब मिलीं। CCTV में पूरी घटना कैद हो गई है। दुकानदार ने दोनों महिलाओं के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।
दोनों महिलाओं ने मुंह में रखी लौंग
भावनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर कादिम में उज्जवल ज्वेलर्स नाम की शॉप है। उसके संचालक संजू ने बताया कि गुरुवार शाम दो महिलाएं उसकी दुकान पर सोने की लौंग खरीदने आई थीं। उनमें से एक थोड़ी अधिक उम्र और दूसरी उससे कम उम्र की थी। दोनों ने सूट पहन रखा था। कम उम्र की महिला ने घूंघट किया हुआ था।
महिलाओं ने मुझसे कहा कि आप अच्छी से अच्छी लौंग दिखाएं। पैसे की चिंता न करें। इसके बाद हमने महिलाओं को लौंग दिखाना शुरू किया तो वो एक के बाद एक डिजाइन दिखाने की डिमांड करती रहीं। मैं उन्हें अलग-अलग डिजाइन दिखाता रहा। मैं जब-जब डिजाइन दिखाने के लिए पीछे की तरफ मुड़ता था। दोनों महिलाएं बारी-बारी से सोने की लौंगों को मुंह में रख लेती थी। इस तरह दोनों ने मिलकर 9 नोजपिन मुंह में छिपा लिए।
दुकानदार को सामान गायब मिला
दुकानदार ने बताया कि चोरी करने के बाद महिलाओं ने कहा कि डिजाइन पसंद नहीं, बाद में लेंगे और रफूचक्कर हो गईं। महिलाओं के जाने के बाद जब मैंने सामान चेक किया तो उसमें लौंगे गायब मिलीं। दुकान में लगे CCTV को चेक किया तो दोनों महिलाओं की चोरी सामने आ गई।
दुकानदार ने आस-पास के लोगों की मदद से महिलाओं को खोजने का प्रयास किया। मगर, दोनों भाग गईं। दुकानदार ने बताया कि महिलाएं पहली बार ही उसकी दुकान में आईं थीं। आज से पहले उन्हें इलाके में नहीं देखा। सोने की लौंगों की कीमत 30 से 35 हजार रुपए है।