अयोध्या में होगा महापौर सम्मेलन, शहरी विकास पर जोर, मुख्यमंत्री ने दिए सुझाव

# ## UP

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वर्चुअल संवाद में जनप्रतिनिधियों ने अपने नगरों में हुए विकास कार्यों और आय वृद्धि के प्रयास साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनसे नए नवाचार और आय सृजन के उपायों पर चर्चा करते हुए कहा कि यही प्रयास आत्मनिर्भर और आधुनिक उत्तर प्रदेश की नींव रखेंगे। योगी ने अयोध्या में महापौर सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया।

अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कर-करेत्तर आय में अभूतपूर्व वृद्धि का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने और यहां महापौर सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया। फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर ने बताया कि निगम की आय 18 करोड़ से बढ़कर 40 करोड़ हो गई है। झांसी के महापौर बिहारी लाल आर्य ने बताया कि नगर निगम की आय 25 करोड़ से बढ़कर 80 करोड़ पहुंच गई है और लक्ष्य 100 करोड़ का है। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना की।

गाजियाबाद के मोदीनगर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली जाटव ने खाली भूमि के उपयोग पर सुझाव रखा। मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने बताया कि आय 5.89 करोड़ से बढ़कर 11 करोड़ हुई है और नगर में मुफ्त वाई-फाई उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी धाम क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग और यात्री विश्राम स्थल बनाने का सुझाव दिया।

देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने खाली भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की जरूरत बताई। सुल्तानपुर के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल को उन्होंने जिला मुख्यालय वाली नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना से अवगत कराया। मेरठ की फलौदा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक सैनी ने आय में वृद्धि 20 लाख से 44 लाख की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तकनीक और नवाचार आधारित योजनाएं अपनाने का आह्वान किया।

मथुरा की महावन नगर पंचायत अध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि 10 हजार की आबादी वाला उनका नगर भी विकसित यूपी अभियान का हिस्सा बन गर्व महसूस कर रहा है। प्रयागराज के महापौर उमेश गणेश केसरवानी ने आईटी सिटी के विकास और 2.19 लाख पौधे लगाकर नया वन क्षेत्र तैयार करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने और हरित प्रयासों को प्रोत्साहित किया।

संभल, रामपुर और शाहजहांपुर को योगी ने सराहा

संभल की बबराला नगर पंचायत अध्यक्ष हर्षवर्धन वार्ष्णेय, सहारनपुर की रामपुर मनिहारन नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू और शाहजहांपुर की पुवायां नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी स्थानीय स्तर पर विकास और आय सृजन की पहल साझा की। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों को सराहते हुए कहा कि यही विकसित यूपी@2047 की भावना है कि हर नगर निकाय अपनी विशिष्टताओं और संसाधनों का सदुपयोग कर आत्मनिर्भरता और नागरिक सुविधा की दिशा में आगे बढ़े।