- प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और नगर विकास मंत्री ए.के.शर्मा के साथ कई भाजपा नेता उपस्थित रहे
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया गया। इस सेवा और समर्पण कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद एवं लखनऊ के पूर्व महापौर डॉ. दिनेश शर्मा और पूर्व सांसद कौशल किशोर उपस्थित रहे। वहीं एमएलसी मुकेश शर्मा, रामचंद्र सिंह प्रधान, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई गणमान्य अतिथियों और नगर निगम के अधिकारीगण, समस्त पार्षदगण, कार्यकर्ता तथा आम जनता की गरिमायी उपस्थिति रही।
मंच पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने समस्त अतिथियों का प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
कार्यक्रम में नगर निगम के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बीते दो वर्षों में शहर में हुए बदलावों और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई। इसके अलावा विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों, नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों और लखनऊवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता हम सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में लखनऊ में स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अपने जोशीले भाषण में महापौर सुषमा खर्कवाल और सभी पार्षदगण को दो वर्ष की सफल कार्ययात्रा के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सभी जोनों के समस्त पार्षदों को प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। मानकनगर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह को उनके उत्कृष्ट और जनसेवा से प्रेरित कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन नगर आयुक्त गौरव कुमार के प्रेरणादायक भाषण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों और समस्त पार्षदगणों ने जोन वार मंच पर फोटोशूट कराया, जिससे यह आयोजन एक ऐतिहासिक पल बन गया।