- महापौर ने बुलाया पहला ऐतिहासिक महिला सदन, खुल कर बोली महिलायें
लखनऊ की प्रथम महिला महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया द्वारा महिला दिवस से पूर्व दिवस पर ऐतिहासिक पहला महिला सदन बुलाया गया, जिसमे महिला पार्षदों ने सहभागिता कर उत्साह के साथ महिला सदन में महिलाओं से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं को सदन के पटल पर रखा, साथ ही वार्ड से सम्बंधित समस्याओं से भी अधिकारियों से जबाब तलब किया।
- महिला सदन बुलाने पर सभी दलों की महिला पार्षदों ने महापौर को किया सम्मानित
सदन प्रारम्भ होते ही सभी दलों की महिला पार्षदों ने पहली बार महिला सदन बुलाने पर महापौर को धन्यवाद दिया, पार्षदों ने महापौर को अंगवस्त्र, माला और बुके भेंट कर उनका आभार जताया और महिला सदन बुलाने की प्रशंसा भी की, पार्षदों द्वारा नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी और अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया।
- बनेगा महिला बाजार, महिला बेंचेंगी महिलाओ के जरूरत का सामान, महिला उद्यमियों को मिलेगा रोजगार
पार्षद रुपाली गुप्ता ने महिला सदन में महिला बाजार का प्रस्ताव पेश किया, महिला बाजार में महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं से जुड़ी हर वस्तु को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने हेतु लखनऊ में एक महिला बाजार की स्थापना की जाएगी, जिसमे महिलाओ को समर्पित करते हुए सिर्फ महिला विक्रेताओं द्वारा महिला उपयोग की वस्तुएं ही बेची जाएंगी।
- महिला पार्षद कक्ष में पुरुषों का कब्जा, गार्ड लगाने की मांग
पार्षद कुमकुम राजपूत ने नगर निगम के महिला कक्ष में पुरूष पार्षदों के जमावड़े पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वहाँ महिला कक्ष में ही महिला पार्षद नही जाती है, पुरूष पार्षद बैठे होते है और उन्हें कुर्सी तक नही मिलती है, साथ ही महिला कक्ष में महिलाएं खुल कर वार्ता भी नही कर सकती इसलिए महिला कक्ष में एक महिला गार्ड की तैनाती की जाए।
- माता जीजाबाई के नाम पर होगा पार्क और सड़क
पार्षद कुमकुम राजपूत ने जीजाबाई के नाम पर पार्क, सड़क अथवा मार्ग का नामकरण का प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिन्दवी स्वराज की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज को योद्धा बनाने में उनकी माता जीजाबाई का योगदान था, सभी माताओ को अपने पुत्र को माता जीजाबाई जैसा राष्ट्र रक्षा के लिए दृण संकल्पित पुत्र बनाने की प्रेरणा प्राप्त होती है।
- महिला सफाई कर्मचारियों को प्रातः ड्यूटी पर आने में आधे घंटे की छूट
पार्षद करुणा प्रसाद के अनुरोध पर महापौर ने महिला सफाई कर्मचारियों को प्रातः ड्यूटी पर आने में आधे घंटे की छूट प्रदान करने की घोषणा की , महिला सफाई कर्मचारी गर्मी में अब 6 की जगह 6:30 बजे और सर्दियों में 7 की जगह 7:30 बजे आने की छूट प्रदान रहेगी।
- महिलाओ के लिये निःशुक्ल 86 पिंक टॉयलेट की सौगात
पार्षद रेखा रोशनी ने अपनी बात की शुरुआत संस्कृत श्लोक “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते… ” से करते हुए महिला सदन आहूत करने के लिए महापौर को धन्यवाद दिया, उन्होंने महिलाओ को पार्किंग शुल्क में 50% छूट प्रदान करने का प्रस्ताव पेश किया, उन्होंने मंदिरो और बाजारों में पिंक टॉयलेट बनाने की मांग की। जिसपर महापौर ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर महिलाओ के लिए 86 पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे है, जो महिलाओ के लिए निःशुक्ल उपलब्ध है।
- महिलाओ के नाम पर रजिस्ट्री तो मिलेगी 5% तक गृहकर और जलकर में छूट
पार्षद वीना रावत ने प्रस्ताव रखा कि प्रायः हम यह देखते है कि इस पुरुष सत्तात्मक समाज मे घर और जमीन में महिलाओं को दोयम दर्जे का स्थान दिया जाता है, जिससे सम्पतियों में उनकी हिस्सेदारी न के बराबर होती जा रही है। महिलाओ की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम द्वारा लिए जा रहे गृह कर में उन घरो को 5% की छूट प्रदान की जाए जिन घरों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर है। जिसपर महापौर ने कहा कि यह प्रस्ताव अच्छा है, इससे महिलाओ की स्थित सुधारने में प्रयास मिलेगा, इस प्रस्ताव को सामान्य कार्यकरिणी बैठक में लाकर पास किया जाएगा।
- पार्को में बनेंगे यूरिनल और बेबी फीडिंग सेन्टर
पार्षद हेमा सनवाल ने कहा कि लखनऊ के विभिन्न बड़े पार्को में प्रातः एवं सायं में बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा मॉर्निंग वॉक एवं इवनिंग वॉक किया जाता है, साथ ही बाजारों में भी बड़ी संख्या में महिलाएं छोटे बच्चो से साथ निकलती है। इसलिए ऐसे बड़े पार्को में जहाँ महिलाओं द्वारा मॉर्निंग वॉक एवं इवनिंग वॉक किया जाता है और बाजारों में भी अलग से महिलाओ के लिए यूरिनल एवं बेबी फीडिंग सेन्टर बनवाने जाए । जिसपर आवश्यक कार्यवाही के लिए महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया।
- भीख मांगने वाले बच्चियों को नगर निगम पढ़ायेगा, मिलेगा उन्हें आश्रय
पार्षद हेमा सनवाल ने महापौर को बताया कि लखनऊ के चौराहों पर छोटी – बड़ी बच्चियों को भीख मांगते देखा जा सकता है, यह हमारे आने वाले कल का भविष्य है, नगर निगम द्वारा इनको निगम के स्कूलों में पढ़ाई की निशुल्क व्यवस्था करनी चाहिए, नगर निगम के आश्रय स्थल में उनका पालन होना चाहिए, जिसपर महापौर ने कहा कि लखनऊ भिखारी मुक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा, वित्तीय संसाधनों को देखते हुए सबसे पहले भीख मांगने वाले बच्चो की शिक्षा व्यवस्था की जाएगा और आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
महिलाओ को पहली बार मिला प्रथम सीट पर बैठने का मौका, भाजपा महिला पार्षद दल का नेतृत्व श्रीमती सुनीता सिंघल ने किया तो सपा पार्षद दल का नेतृत्व श्रीमती चरणजीत गांधी ने किया, कांग्रेस में पार्षद दल का नेतृत्व ममता चौधरी ने किया।