(www.arya-tv.com)यूपी निकाय चुनाव के बाद बसपा प्रमुख मायावती का पहला रिएक्शन आया है। इसमें उन्होंने बीजेपी सरकार पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। मायावती ने कहा- सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर यह चुनाव जीता गया है। बीएसपी चुप नहीं बैठेगी। वक्त आने पर बीजेपी को इसका जवाब जरूर मिलेगा।
मायावती ने ट्वीट किया, यूपी निकाय चुनाव में भाजपा ने साम, दाम, दण्ड, भेद का इस्तेमाल किया। अगर यह चुनाव भी फ्री एण्ड फेयर होता तो नतीजों की तस्वीर कुछ और होती। बैलेट पेपर से चुनाव होने पर BSP मेयर चुनाव भी ज़रूर जीतती.
‘सत्ता का दुरुपयोग करके सपा-भाजपा जीतती है चुनाव’
उन्होंने कहा, “वैसे चाहे भाजपा हो या सपा दोनों ही पार्टियां सत्ता का दुरुपयोग करके ऐसे चुनाव जीतने में एक-दूसरे से कम नहीं हैं। जिस कारण सत्ताधारी पार्टी ही धांधली से अधिकतर सीट जीत जाती है। इस बार भी इस चुनाव में ऐसा ही हुआ और यह अति-चिन्तनीय है।”
‘हर हथकंडे अपनाकर भी भाजपा बुरी तरह हारी’
निकाय चुनाव को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया। उन्होंने पहले अपने प्रत्याशियों को जीत की बधाई दी। फिर कहा- नगरों से थोड़ा बाहर आते ही, हर हथकंडे अपनाकर भी भाजपा बुरी तरह हारी है।यूपी में 760 नगर निकाय चुनाव के परिणाम आ गए हैं। इसमें से 289 सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया है। जबकि सपा 112 तो बसपा 52 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस को सिर्फ 17 सीटें मिली हैं। जबकि 281 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं। भाजपा ने नगर निगम की 17 सिटों पर क्लीन स्वीप किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। नगर पालिका की 199 सीटों में से भाजपा को 88 सीटें मिली हैं। जबकि सपा को 36 तो बसपा को 16 सीटें मिली हैं। वहीं, नगर पंचायत की 544 सीटों में से भाजपा ने 184 सीट पर कब्जा किया है। जबकि सपा को 76 तो बसपा 36 सीटें मिली हैं।