बाराबंकी में बहू का सौदागर ससुर:80 हजार में किया सौदा, कमीशन लेकर करवा चुका है 300 शादियां

Lucknow UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का एक शख्स ने अपनी बहू का सौदा 80 हजार रुपए में कर दिया। वह बहू को गुजरात के लोगों को बेचने निकला था। जब उसके बेटे को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ सौदागरों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी फरार हो गया।

आरोपी ससुर फर्जीवाड़ा कर शादी कराने में भी माहिर है। अब तक कमीशन लेकर 300 से अधिक शादियां करवा चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि उसे भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।

आरोपी रामनगर थाना क्षेत्र के मल्ला पुर गांव का चंद्र राम वर्मा है। उसका बेटा प्रिंस गाजियाबाद में टैक्सी चलाता है। उसकी पत्नी भी गाजियाबाद में रहती है। प्रिंस ने बताया कि चंद्र राम का चाल-चलन ठीक नहीं है। वह फर्जीवाड़ा कर शादियां कराता है। इसके बदले में कमीशन लेता है। अब तक करीब 300 शादियां करवा चुका हैं। प्रिंस ने बताया कि पिता की इन हरकतों का विरोध उसकी मां ने किया तो उसकी रॉड से मारकर हत्या कर दी थी।

बीमारी का बहाना कर बहू को बुलाया
प्रिंस ने बताया कि पिता ने बीमारी का हवाला देकर बहू को अकेले मल्ला पुर बुलाया था । लेकिन 4 जून को दोनों साथ गांव आ गए। आरोपी ने प्रिंस को उसके बहनोई के घर भेज दिया। इसके बाद बहू को कुछ परिचितों के साथ गाजियाबाद वापस जाने को कहा। इसी के चलते बेटे को पिता पर शक हुआ। पड़ताल करने पर सौदे की बात सामने आई। पता चला कि रेलवे स्टेशन पर उसकी पत्नी का सौदा होने वाला है। इस पर प्रिंस ने पुलिस को सूचित कर दिया।

गुजरात के व्यक्ति की करानी थी शादी
आरोपी चंद्र राम वर्मा का एक परिचित रामू गौतम गुजरात में रहता है। वहीं के एक शख़्स साहिल पंचा की शादी नहीं हो पा रही थी। फर्जीवाड़े में माहिर चंद्र राम वर्मा ने उसे अपनी बहू की तस्वीर भेज दी। फिर 80 हजार में सौदा तय किया। लेन-देन होने से पहले पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार लिया। लेकिन आरोपी चंद्र राम वर्मा और उसका सहयोगी रामू गौतम अब भी फरार हो गया।