स्पा-कैफे गैंगरेप गिरोह का बड़ा खुलासा: मुख्य आरोपी कमर हयात इदरीसी गिरफ्तार

# ## UP

स्पा सेंटर में नौकरी की आड़ में युवतियों को नशीला पदार्थ खिलाकर न्यूड वीडियो बनाकर सामूहिक दुष्कर्म व ब्लैकमेल मामले में गोमतीनगर पुलिस ने आरोपी कमर हयात इदरीसी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कैफे संचालक मूल रूप से बाराबंकी के कोतवाली स्थित आजादनगर का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है। वहीं, मामले में शुक्रवार को एक और पीड़िता सामने आयी है। जिसने गोमतीनगर थाने में आरोपियों पर धर्म परिवर्तन समेत गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी है।

मंगलवार को अमेठी निवासी 28 वर्षीय युवती पीड़िता ने अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी और एक एनजीओ संचालिका के साथ गोमतीनगर थाने पहुंचकर आरोपियों राहुल उर्फ मोहम्मद कमरू जमाल और कमर हयात इदरीसी के खिलाफ अश्लील हरकत, निजी पलों को रिकार्ड करना, धोखाधड़ी व धमकी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पीड़ित के 161 के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराएं बढ़ा ली थी।

इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस की दो टीमों आरोपियों की तलाश में लगायी गयी। सर्विलांस की मदद से शुक्रवार को आरोपी कमर हयात इदरीसी को ग्वारी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिशें दे रही हैं। उनका कहना है कि शुक्रवार को अमेठी की पीड़िता अखिल भारत हिंदू महासभा के लोगाें व अधिवक्ता के साथ थाने पहुंची। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया था। शनिवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर अन्य धाराएं बढ़ायी जाएगी।

बाराबंकी पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप, पांच के नाम सौंपे

बाराबंकी निवासी 20 वर्षीय युवती ने बताया कि गोमतीनगर स्थित ब्राउन गर्ल कैफे में नशीला पदार्थ खिलाकर न्यूड वीडियो बनाना, गैंगरेप, धर्म परिवर्तन और अन्य अनैतिक काम होते थे। मामले में आरोपी कैफे संचालक कमर हयात इदरीसी, जफर हयात इदरीसी, इरफान, कमरूल हसन उर्फ राहुल, आमिर और अन्य पर दो रिपोर्ट दर्ज की गयी। 11 फरवरी को कैफे सील कर दिया गया। उसके बाद से उसे कई मोबाइल नंबर से कॉल कर लोकेशन पूछते हुए धमकी दी जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि गिरोह लखनऊ, बाराबंकी, फैजाबाद व अन्य शहरों में लड़कियों को फंसाकर ब्लैकमेल कर अनैतिक कार्य कराता है। पुलिस ने धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दिल्ली जाएगी गोमतीनगर पुलिस की एक टीम

इंस्पेक्टर ने बताया कि दिल्ली की युवती ने कहा था कि चार वर्ष पूर्व वह 15 साल की थी। नौकरी की तलाश में थी। सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल से संपर्क हुआ। बातचीत होने पर राहुल ने उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर लखनऊ बुलाया था। इसके बाद एक मेंस पार्लर में रिसेप्शन पर नौकरी दिलाई। कोल्डड्रिंक में उसे नशीला पेय मिलाकर अश्लील वीडियो बनाए और फिर वायरल करने की धमकी देकर गलत काम कराए। उसे फैजाबाद, अजमेर भेज दिया था। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पीड़िता अपने घर दिल्ली भाग गई थी। दिल्ली जाने के बाद भी उसे धमकियां मिलती रही। जल्द ही पुलिस की एक टीम दिल्ली जाएगी। पुलिस वहां दरियागंज थाने में युवती की गुमशुदगी समेत अन्य जरूरी जानकारियां एकत्र करेगी।