(www.arya-tv.com)राजधानी लखनऊ के यातायात को सुगम बनाने के लिए 1,519 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 299 करोड़ रुपये की लागत से बने फेज-2 का लोकार्पण तथा 1,220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फेज-3 और फेज-4 के कार्यों का शिलान्यास किया।
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना आईआईएम रोड से किसान पथ तक लगभग 28 किलोमीटर लंबी होगी। यह शहर के बीच से गुजरते हुए शहीद पथ और किसान पथ को आपस में जोड़ेगी, जिससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा। वर्तमान में आईआईएम रोड से पक्का पुल तक फेज-1 तथा डालीगंज पुल से समतामूलक चौक तक फेज-2 के कार्य पूरे हो चुके हैं। अब समतामूलक चौक से शहीद पथ तक फेज-3 और शहीद पथ से किसान पथ तक फेज-4 का निर्माण किया जाएगा।
इस दौरान लखनऊ के समग्र विकास का मास्टर प्लान तैयार करने के लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर और लखनऊ विकास प्राधिकरण के बीच एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ। कार्यक्रम में ग्रीन कॉरिडोर निर्माण में लगे श्रमिकों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ तहजीब के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रही राजधानी बन चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे भी जल्द शुरू होगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा मात्र 35 से 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ बेहतरीन राजधानी के साथ सुगम यातायात का उत्कृष्ट केंद्र बन रहा है। ग्रीन कॉरिडोर से शहर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा जो दूरी पहले एक घंटे में तय होती थी वह अब 10 से 15 मिनट में पूरी हो सकेगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायक नीरज बोरा, मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा व संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक जय देवी, ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ल, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य महेन्द्र कुमार सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, अवनीश कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
