जीवा का हमलावर बोला- 20 लाख की डील हुई:काठमांडू के माफिया ने दी सुपारी

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ कोर्ट में हार्डकोर क्रिमिनल संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की हत्या मामले में गुरुवार रात नया मोड़ आ गया। हत्यारोपी विजय यादव ने पुलिस को बयान दिया है कि उसने काठमांडू (नेपाल) के माफिया अशरफ के कहने पर जीवा की हत्या की। विजय की इस कहानी में माफिया अतीक का नाम भी आया है। उसने अशरफ को माफिया अतीक का दोस्त बताया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में हत्यारोपी विजय ने बताया कि जीवा की हत्या की डील नेपाल की राजधानी काठमांडू में हुई थी। वहां उसकी मुलाकात अशरफ नाम के व्यक्ति से हुई। वह नेपाल का माफिया है। उसने ही जीवा की फोटो दिखाकर उसकी हत्या के लिए 20 लाख रुपए की सुपारी दी थी।

अशरफ ने जीवा की हत्या क्यों करवाई। उसकी क्या दुश्मनी थी? इस सवाल पर विजय ने पुलिस को बताया कि अशरफ का भाई अतीफ लखनऊ जेल में बंद है। वहां कुछ दिन पहले जीवा और अतीफ में विवाद हो गया था। जीवा ने उसकी दाढ़ी नोंच ली थी। कई बार बेइज्जत की। यह बात अशरफ को पता चली थी। इसके बाद उसने जीवा की हत्या का प्लान बनाया।

विजय ने यह भी बताया कि लखनऊ पहुंचने पर पांच हजार रुपए और पिस्टल दी गई। बाकी, पैसा काम होने के बाद देने को कहा गया था। बड़ी रकम मिलने के लालच में ही उसने जीवा की हत्या की सुपारी ले ली थी।

पुलिस को विजय यादव के इस बयान पर पूरा भरोसा नहीं हो रहा है। पुलिस को लग रहा है कि जांच भटकाने के लिए वह ऐसा कह रहा है। हालांकि, पुलिस ने अशरफ और उसके भाई की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी। अशरफ-अतीफ नाम के शख्स हैं या नहीं। अगर हैं तो क्या उनका जीवा से कोई कनेक्शन था। विजय कब नेपाल गया था। उसका अशरफ से क्या कनेक्शन है। पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश कर रही है। चलिए अब आपको पढ़वाते हैं FIR कॉपी में क्या-कुछ लिखा…

कोर्ट में बाथरूम नहीं था… इसलिए बाहर लाए
जीवा की सुरक्षा में तैनात दरोगा उदय प्रताप सिंह ने इस हत्याकांड की एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने तहरीर में लिखा कि संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा को जिला कारागार लखनऊ से 7 जून को करीब 11.30 बजे कोर्ट लाया था। केस की गवाही चल रही थी कि करीब 3.15 बजे जीवा ने बाथरूम जाने की बात कही।

कोर्ट में बाथरूम की व्यवस्था नहीं होने की वजह से उसको बाहर बने बाथरूम में ले जाया गया था। वहां से उसे वापस कोर्ट लाया जा रहा था। कोर्ट रूम के गेट के पास ही एक व्यक्ति, जोकि वकील के कपड़ों में था। उसने अचानक रिवाल्वर निकालकर जीवा पर पीछे से फायरिंग करनी शुरू कर दी।

जीवा घायल होकर गिर गया। हर तरफ भगदड़ मच गई। गोली मारने वाले व्यक्ति को हम लोगों ने मौके पर दबोच लिया। उसका रिवाल्वर और 6 खोखा कारतूस छीन कर कब्जे में लिए। हमलावर ने पूछने पर अपना नाम विजय यादव उर्फ आनन्द यादव बताया। इसी बीच मौके पर मौजूद आक्रोशित वकीलों ने हमलावर को पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह उसे बचाया गया।