दो गुटों में हुई फायरिंग और पथराव, मुकदमा दर्ज:लायर्स कॉलोनी का मामला, दोनों ही पक्षों से 4-4 लोगों को किया नामजद

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  थाना न्यू आगरा क्षेत्र में लॉयर्स कॉलोनी में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पथराव के बाद फायरिंग हो गई। घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों के 4-4 लोगों को नामजद किया है। दोनों ही पक्ष सत्ता दल से जुड़े हैं। चौकी प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने मामले में धारा 147/148/149/188/336 व 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में कहा है कि लॉयर्स कॉलोनी में बुधवार को देर शाम पानी की टंकी के पार्क के पास दो पक्षों में झगड़ा हुआ। दोनों तरफ से 15 से 16 लोगों में लाठी डंडे से मारपीट के बाद पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस को देख दोनों पक्षों के लोग भागने लगे। पुलिस ने एक गाड़ी UP 80 CM 2021 का पीछा किया लेकिन वह भी भागने में सफल रहा। घटनास्थल पर पूछताछ करने पर लोगों ने बताया कि एक पक्ष से राजीव उर्फ टाटा, संजय शर्मा उर्फ पप्पू पंडित, पकंज शर्मा, शिवम शर्मा व 4-5 अज्ञात लोग थे जबकि दूसरे पक्ष से विजय कुमार मिश्रा उर्फ बिरजू पंडित, सुनील भदौरिया महानद, जीतू दुबे व 3-4 अज्ञात लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। एक दूसरे पर लाइसेन्सी व अवैध असलहों से फायरिंग की गई।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत
घटना के बाद लॉयर्स कॉलोनी में भय का माहौल है। पथराव के दौरान राहगीरों ने इधर-उधर दौड़कर जान बचाई। आसपास रह रहे लोगों ने घरों के दरवाजे और खिडिकियां बंद कर ली। दुकानदारों ने शटर गिरा लिए। पुलिस के पहुंचने पर लोगों का डर थोड़ा कम हुआ। चौकी इंचार्ज हरीश कुमार शर्मा ने लोगों को आश्वस्त किया कि उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। घटना के बाद मौके पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस को घटना स्थल से दो खोखा कारतूस मिले हैं। झगड़े में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।