(www.arya-tv.vom) लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के घर पर पुलिस ने नोटिस चस्पा कर दी है। ये नोटिस धारा 160 के तहत चस्पा की गई है। जिसमें बेटे आशीष मिश्र को शुक्रवार सुबह 10 बजे क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए लखीमपुर खीरी बुलाया है। यहां उसे जांच कमेटी के सामने अपना पक्ष रखना होगा।
मंत्री का घर लखीमपुर के शाहपुरा कोठी इलाके में है। हालांकि बेटा घर पर नहीं है। सुबह आईजी लक्ष्मी ने भी कहा था कि आशीष कहां है, इस बारे में पता नहीं है। लखीमपुर हिंसा के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों लवकुश और आशीष पांडेय को गिरफ्तार किया है।
UP पुलिस ने हिंसा की जांच के लिए 9 सदस्यीय टीम बनाई
उत्तर प्रदेश के DGP मुकुल गोयल ने बताया कि लखीमपुर खीरी हिंसा की जांच के लिए DIG उपेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम बनाई गई है। जांच टीम में SP सुनिल कुमार सिंह, ASP अरुण कुमार सिंह, 2 सर्कल ऑफिसर, 3 इंस्पेक्टर और एक सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं।
सिद्धू हिरासत से छूटे, लखीमपुर रवाना
लखीमपुर खीरी जा रहे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को UP बॉर्डर पर सहारनपुर में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस पर नाराज कांग्रेसियों ने UP पुलिस का पहला बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने सिद्धू और उनके साथ गए मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विजयेंद्र सिंगला, गुरकीरत कोटली समेत 4 विधायकों को हिरासत में लिया था।
इसके बाद सभी करीब पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहे। रात में करीब 6 बजे सभी को पुलिस ने छोड़ दिया। इसके बाद सिद्धू काफिले के साथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ 20 लोगों को आगे जाने की अनुमति प्रशासन ने दी है।
इससे पहले मोहाली में सिद्धू ने कहा था कि अगर शुक्रवार तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष की गिरफ्तारी नहीं हुई वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। इस बीच सपा नेता अखिलेश यादव भी लखीमपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मृतक लवप्रीत के परिवार से मुलाकात की। फिर नक्षत्र सिंह के परिवार से मिले। दोनों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। अखिलेश यादव ने मृतक पत्रकार रमन के परिजनों से भी मुलाकात की।
आशीष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी, दो को पुलिस ने पकड़ा
लखीमपुर हिंसा के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 3 अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। लवकुश और आशीष पांडेय गिरफ्तार किए गए हैं। आशीष मिश्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी चल रही है। उन्हें समन भी भेजा गया है। घटना में नामजद आशीष मिश्र के साथ 6 अन्य आरोपियों के भी नाम सामने आए थे। हालांकि कुल 7 आरोपियों में 3 की मौत हो चुकी है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि आशीष पांडे और लवकुश को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। कुमार ने कहा कि दोनों को किसानों द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की जांच में एक एसयूवी से 315 बोर के 2 खोखे भी बरामद किए गए हैं।
गृह मंत्री के बेटे को समन भेजा गया: IG
लखीमपुर मामले में IG रेंज लक्ष्मी सिंह ने कहा कि दो लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। दोनों से पूछताछ में कई सारे सबूत और साक्ष्य मिले हैं। घटना में शामिल तीन आरोपियों की जानकारी मिली है, जिनकी मौत हो चुकी है। मौके से खोखे भी बरामद हुए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्र को भी पूछताछ के लिए समन भेजकर बुलाया जाएगा।
