लखनऊ। कोरोना वायरस को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आगामी 22 मार्च तक यूपी के सभी स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कोरोना वायरस के मसले पर बैठक हुई, इसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वायरस को महामारी घोषित नहीं किया है, लेकिन उसके कुछ एक्ट को इस दौरान लागू किया जाएगा।
सरकार ने फैसला लिया है कि बेसिक-माध्यमिक-उच्च और तकनीकी शिक्षा के सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज में MBBS तक की क्लास बंद की गई हैं।
हालांकि, अगर किसी स्कूल या कॉलेज में परीक्षाएं चल रही हैं तो उन्हें रद्द नहीं किया जाएगा, लेकिन अगर किसी स्कूल-कॉलेज में परीक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं तो उन्हें आगे के लिए टाल दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 11 मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को ही नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है, जिसके बाद कंपनी के 707 कर्मचारियों को निगरानी में रखा गया है।
सभी 75 जिलों में बनाया जाएगा वार्ड
बैठक के बाद जानकारी देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य के 75 जिले में आइसोलेशन वार्ड बनाया है, जिनमें जनपद स्तर पर 800 बेड रिजर्व हैं। 24 मेडिकल कॉलेज में भी 448 बेड आरक्षित रखे गए हैं. कई डॉक्टरों को इसके लिए ट्रेन किया गया है।
