Kim Jong Big Action On US : ईरान से युद्ध के बीच किम जोंग ने किया खतरनाक मिसाइल के इंजन का परीक्षण

# ## International

सियोलः उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन के परीक्षण का अवलोकन किया और इसे देश की सामरिक सैन्य क्षमता को बढ़ाने वाला घटनाक्रम बताया। यह परीक्षण संभवतः इस बात का संकेत है कि किम ऐसी मिसाइलों के जखीरे का विस्तार एवं आधुनिकीकरण करना चाहते हैं जो अमेरिका की मुख्यभूमि तक पहुंचने में सक्षम हो।

‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के यह जानकारी देने से कुछ दिन पहले ही, किम जोंग उन ने संसद में अपने भाषण में कहा था कि वह उत्तर कोरिया को स्थायी तरीके से परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित करेंगे और ”सबसे बड़े दुश्मन” दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए रहेंगे। किम ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए अमेरिका पर आतंकवाद और आक्रामकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।

केसीएनए के अनुसार, किम ने मिश्रित कार्बन फाइबर सामग्री से बनाए गए नए उन्नत इंजन का ‘ग्राउंड जेट’ परीक्षण (इंजन का जमीन पर किया गया परीक्षण) देखा। एजेंसी ने बताया कि इंजन का अधिकतम थ्रस्ट 2,500 किलोटन है, जो सितंबर में इसी तरह के ठोस ईंधन इंजन के एक परीक्षण में बताये गये लगभग 1,971 किलोटन से अधिक है। पर्यवेक्षकों का कहना है कि इंजन की शक्ति बढ़ाने की यह कोशिश संभवतः एक ही मिसाइल पर कई आयुध लगाने के प्रयासों से जुड़ी है ताकि अमेरिकी रक्षा प्रणाली को भेदने की संभावना बढ़ाई जा सके। केसीएनए की खबर में यह नहीं बताया कि यह परीक्षण कब और कहां हुआ।