उन्नाव के सोहरामऊ क्षेत्र में एस.एस. स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा कराटे का कलर बेल्ट टेस्ट आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ से राजस्व अधिकारी ओम प्रकाश तथा राष्ट्रीय कराटे कोच अजय सिंह (फाइटर) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक की अहम भूमिका में लोकबंधु नर्सिंग ऑफिसर एवं योगाचार्य पं. नवीन तथा नेशनल कराटे कोच अजीत कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने कराटे की विभिन्न तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कराटे कोच सुरेश वर्मा द्वारा किया गया, जिसमें सहयोगी के रूप में विकास का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान कराटे कोच प्रिया सविता एवं समाजसेवी सोनू राजपूत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगाचार्य पं. नवीन ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं है, बल्कि यह शारीरिक फिटनेस, मानसिक अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। वहीं राष्ट्रीय कराटे कोच अजय सिंह ने कहा कि कराटे अनुशासन, सम्मान और धैर्य जैसे नैतिक मूल्यों को विकसित करता है, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के समापन पर खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने आयोजन की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।
