बरेली। कमलेश तिवारी हत्याकांड एक और गिरफ्तारी हुई है। बरेली के दरगाह आला हजरत के मौलाना सैय्यद कैफी अली की गिरफ्तारी के बाद लॉ स्टूडेंट और पेशे से वकील मोहम्मद नावेद को यूपी पुलिस और एटीएस ने लंबी पूछताछ के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
नावेद और मौलाना दोनों पर ही हत्यारोपियों शेख अशफाक हुसैन और पठान मोईनुद्दीन अहमद को पनाह देने व इलाज करवाने में मदद का आरोप है। इससे पहले पुलिस ने गुरुवार शाम को मौलाना कैफी अली को गिरफ्तार किया था। कहा जा रहा है कि इन दोनों के अलावा भी दो अन्य की जानकारी भी पुलिस को मिली है जिन्होंने दोनों आरोपियों की मदद की थी।
आरोप है कि कमलेश तिवारी की हत्या के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों को मौलाना कैफ़ी की ओर से मदद मुहैया कराई गई। मदद के तहत कैफ़ी ने दोनों को शरण भी दी। नावेद पर आरोप है कि उसने मौलाना कैफ़ी के निर्देश पर दोनों को बरेली में रुकवाया उसके बाद नेपाल बॉर्डर तक पहुंचने में मदद की थी।
