कल्याण सिंह की हार्ट बीट और ब्लड प्रेशर सामान्य:प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व CM के बेटे राजवीर को फोन कर जाना हालचाल

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत को लेकर योगी सरकार ही नहीं खुद पीएमओ तक हलचल है। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर से फोन पर उनकी हालचाल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएम योगी से भी बातचीत की। इस दौरान उन्हें समुचित इलाज कराने के भी निर्देश दिए। ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक होने के बाद कल्याण सिंह को रविवार को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया था। लेकिन हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने शाम लगभग 5:30 बजे संजय गांधी पीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के ICU में शिफ्ट करा दिया था।

डॉक्टरों के अनुसार, कल्याण सिंह का ब्लड प्रेशर और हार्ट बीट सामान्य है। लेकिन वे किसी को पहचान नहीं रहे हैं। पीजीआई जल्द ही उनकी सेहत से जुड़ी अपडेट्स जारी करेगा।

5 विभागों के 7 डॉक्टरों का पैनल बना

एसजीपीजीआई प्रशासन के अनुसार पूर्व सीएम कल्याण सिंह को पीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है। यहां नेफ्रोलॉजी, कार्डिऑलाजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, न्यूरो ऑटोलॉजी के विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया है। इस पैनल में डॉ. बनानी पोद्दार, डॉ. अफजल अजीम, डॉ. नारायन प्रसाद, डॉ. सुनील प्रधान, डॉ. पालीवाल, डॉ. ईश भाटिया, डॉ. अमित केसरी द्वारा पूर्व सीएम की जांच और इलाज किया जा रहा है। खुद संस्थान के निदेशक प्रो आरके धीमन व हेपेटालाजिस्ट व प्रोफेसर गौरव अग्रवाल, एन्डोसर्जन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक भी उनके उपचार पर नजर रख रहे हैं

अलीगढ़ से लखनऊ पहुंचे परिजन

पूर्व मुख्यमंत्री के एटा सांसद पुत्र राजवीर सिंह के अनुसार बाबूजी (कल्याण सिंह) की हालत स्थिर है। पूर्व मुख्यमंत्री के नाती सूबे के वित्त राज्यमंत्री संदीप सिंह साथ में हैं। जिला पंचायत चुनाव के चलते कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया, नाती संदीप सिंह अलीगढ़ में ही थे।रविवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से पूरा परिवार लखनऊ पहुंच गया। कल्याण सिंह की नातिन पूर्णिमा सिंह व उनके पति प्रवीण राज सिंह भी लखनऊ पहुंच गए है।

सबसे पहले सीएम योगी पहुंचे थे लोहिया संस्थान

पूर्व सीएम कल्याण सिंह को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह लोहिया संस्थान जाकर उनसे मुलाकात की थी। सीएम के साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना भी सीएम योगी के साथ मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केशव प्रसाद मौर्य भी पहुंचे थे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कल्याण सिंह का हालचाल लेने के लिए डॉ.राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान जाकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

कल्याण सिंह का ऐसा रहा है राजनीतिक सफर

कल्याण सिंह पहली बार कल्याण सिंह जून 1991 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। भाजपा के तेज तर्रार नेताओं में शामिल रहे कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर खासे चर्चा में रहे। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद उन्होंने इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 6 दिसंबर 1992 को मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद कल्याण सिंह सितम्बर 1997 से नवंबर 1999 तक फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाबरी विध्वंस मामले में वह सीबीआई की जांच का सामना कर चुके हैं। हालांकि बाद में सीबीआई की विशेष अदालत ने उन्हें आरोपों से मुक्त कर दिया था।

रह चुके है दो प्रदेशों के राज्यपाल भी

कल्याण सिंह राजस्थान के राज्यपाल भी रह चुके हैं। वे 4 सितंबर 2014 से 8 सितंबर 2019 तक राजस्थान के राज्यपाल थे। इसके बाद जनवरी 2015 में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। उन्होंने 12 अगस्त 2015 तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का पदभार संभाला था।