बाराबंकी में बच्चों का खतरनाक स्टंट:बरसाती पानी से उफान पर है नदी, पुल से बच्चे लगा रहे छलांग

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बच्चे सरेआम स्टंट कर रहे हैं। बारिश में उफनाती नदी में बच्चे कई मीटर ऊंचें पुल से छलांग लगा रहे हैं। इसको लेकर उनमें कोई डर नहीं है। जबकि, ऐसा करने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

दिन भर जारी रहता है बच्चों का खेल

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। जहां बच्चे रेट नदी पर बने आलापुर पुल से नीचे छलांग लगाकर मस्ती कर रहे हैं। आलापुर पुल लखनऊ-अयोध्या मार्ग है, जहां तेज रफ्तार में गाड़ियां गुजरती हैं। इसके बावजूद भी बच्चे पहले पुल से नदी में छलांग लगाते हैं, फिर नीचे से पुल तक आते हैं। दिनभर बच्चों का यह खेल जारी रहता है।

बारिश में उफान पर है नदी

बारिश के चलते इन दिनों रेट नदी उफान पर है। नदी का जल स्तर पहले से बढ़ा हुआ है। ऐसे में ऊंचाई से कूदने पर न केवल बच्चों को गंभीर चोट लग सकती है। जबकि, डूबने का भी खतरा है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रेट एक छोटी सी धारा है। जो बरसात के दिनों में खतरनाक तरीके से बहती है। बरसात के दिनों में इसके आस-पास के क्षेत्रों में बाढ़ तक आ जाती है। हालांकि गर्मियों में यह धारा सूख जाती है।

वीडियो बनवाने का क्रेज

बच्चों में वीडियो बनाने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। यह शौक कई बार मुश्किल में भी डाल देता है। पुल से छलांग लगाते हुए बच्चे अपना वीडियो शूट करा रहे हैं। वीडियो में बच्चे हवा में उछलते देखा जा सकते हैं।