‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज जरूर खुलेगा, लेकिन तुम्हारे लिए नहीं’, ईरान के ताजा बयान से दुनिया में मचेगी हलचल

# ## International

तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है, और दोनों ही तरफ से जमकर बयानबाजी हो रही है। इस बीच ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने अमेरिका को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा, लेकिन हर किसी के लिए नहीं। उन्होंने कहा, ‘आखिरकार डोनाल्ड ट्रंप ने ‘रिजीम चेंज’ का सपना पूरा कर लिया है, लेकिन इस बार यह क्षेत्र के समुद्री सिस्टम में हुआ है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य जरूर खुलेगा, लेकिन तुम्हारे लिए नहीं। यह सिर्फ उन लोगों के लिए होगा जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के नए नियमों का पालन करेंगे

’47 साल की मेहमाननवाजी का दौर खत्म हो चुका है’

अजीजी ने कहा, ’47 साल की मेहमाननवाजी का दौर अब खत्म हो चुका है।’ उन्होंने इशारों में कहा कि अब ईरान अपने समुद्री क्षेत्र में सख्त नियम लागू करेगा और हर देश को उनका पालन करना होगा। अजीजी के बयान से दुनिया में हलचल मचनी तय है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान से बाहर निकल जाएगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे सिर्फ ईरान से निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करेंगे। इसके बाद वे खुद ही कमजोर हो जाएंगे। आज शेयर बाजार लगभग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, क्योंकि लोगों को पता है कि हमारा देश सुरक्षित है।’

‘रास्ता बदलना पड़ा क्योंकि सामने खामेनेई जैसे नेता थे’

ट्रंप ने ईरान के पुराने नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हमें थोड़ा रास्ता बदलना पड़ा क्योंकि हमारे सामने खामेनेई जैसे नेता थे, जो अब नहीं रहे। हमने पहले एक शासन को हटाया, फिर दूसरे को भी खत्म किया। अब जो लोग हैं, वे अलग हैं और उनसे बातचीत करना आसान है। अमेरिका चाहे तो बिना किसी समझौते के भी ईरान से बाहर निकल सकता है। उन्हें मेरे साथ समझौता करना जरूरी नहीं है। अगर हमें लगे कि उन्हें लंबे समय के लिए इतना कमजोर कर दिया गया है कि वे परमाणु हथियार नहीं बना सकते, तो हम वैसे ही चले जाएंगे। समझौता हो या न हो, इससे फर्क नहीं पड़ता।’

‘ईरान अब कई सालों तक परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा’

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब कई सालों तक परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा। साथ ही उन्होंने कहा, ‘अगर भविष्य में वे फिर से ऐसा करने की कोशिश करेंगे, तो उस समय का राष्ट्रपति भी मेरी तरह सख्त कार्रवाई करेगा। क्योंकि ईरान को परमाणु हथियार रखने की इजाजत नहीं दी जा सकती।’ उन्होंने मौजूदा ईरानी नेतृत्व को पहले से बेहतर बताते हुए कहा, ‘जो नया शासन है, वह पहले से बेहतर है और उनसे बात करना आसान है।’ ईरान और अमेरिका के बीच बयानबाजी को देखकर एक्सपर्ट्स का मानना है कि दोनों देशों के बीच जारी जंग अभी कुछ दिन और खिंच सकती है।