(www.arya-tv.com)दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शुक्रवार सुबह 5.37 करोड़ के पार हो गया। 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 13 लाख 08 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। चुनाव हारने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड पहली बार मीडिया के सामने आए। एक बार फिर देश को भरोसा दिलाया कि वैक्सीन बहुत जल्द और कुछ ही हफ्तों में उपलब्ध हो जाएगी।
अमेरिका में फिर एक लाख से ज्यादा केस
अमेरिका में शुक्रवार को एक बार फिर संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से ज्यादा रहा। यह लगातार आठवां दिन है जब अमेरिका में एक लाख से ज्यादा केस सामने आए। हालांकि, इसी दौरान बुधवार को एक लाख 42 हजार मामले भी सामने आए। चुनाव हारने के बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने पहली बार मीडिया से बातचीत की। कहा- अमेरिका में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। वैक्सीन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जरूरतमंदों को यह कुछ ही हफ्तों में मिल जाएगी। इस बीच, ओरेगन और न्यू मैक्सिको की राज्य सरकारों ने अपने आंशिक लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है।
फ्रांस में हालात अब बेहतर
फ्रांस में सख्त लॉकडाउन का असर दिखने लगा है। यही वजह है कि सरकार ने इसे दो हफ्ते बढ़ाने का फैसला किया है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी कम होने लगी है, एक हफ्ते पहले तक यह सरकार के लिए चिंता की सबसे बड़ी वजह थी। हेल्थ एजेंसी ने अपने बयान में कहा- गुरुवार और शुक्रवार के बीच सिर्फ 22 मरीज हॉस्पिटल में भर्ती हुए। इसके एक दिन पहले यानी बुधवार को 726 मरीज अस्पतालों में भर्ती कराए गए थे। फ्रांस में दो हफ्ते पहले एक महीने के लिए लॉकडाउन किया गया था। मियाद खत्म होने के पहले ही इसे दो हफ्ते और बढ़ा दिया गया।