अगर आप छुट्टियों में कहीं बाहर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं या बिजनेस ट्रिप के लिए फ्लाइट बुक करने वाले हैं, तो यह खबर आपकी जेब पर सीधा असर डालेगी। इंडिगो (IndiGo) ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन शुल्क यानी फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। 2 अप्रैल 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की गई सभी नई बुकिंग्स पर ये नए दाम लागू हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब आपको अपनी हवाई यात्रा के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। आइए जानते हैं कि इस फैसले के बाद आपके पसंदीदा शहरों का सफर कितना महंगा हो गया है।
क्यों बढ़े अचानक टिकट के दाम?
हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में वैश्विक स्तर पर भारी उछाल आया है। डेटा के अनुसार, इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में महीने-दर-महीने 130% से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद एयरलाइंस ने फिलहाल केवल 25% की आंशिक बढ़ोतरी ही लागू की है, ताकि यात्रियों पर बोझ थोड़ा कम रहे।
घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन शुल्क
- 0 – 500 किमी: ₹275
- 501 – 1,000 किमी: ₹400
- 1001 – 1500 किमी: ₹600
- 1501 – 2000 किमी: ₹800
- 2000 किमी से अधिक: ₹950
दिल्ली से प्रमुख शहरों तक जाना अब कितना महंगा?
- दिल्ली से लखनऊ: ₹275 एक्स्ट्रा
- दिल्ली से भोपाल/इंदौर/अहमदाबाद: ₹400 एक्स्ट्रा
- दिल्ली से मुंबई/कोलकाता: ₹600 एक्स्ट्रा
- दिल्ली से बेंगलुरु/हैदराबाद: ₹800 एक्स्ट्रा
- दिल्ली से चेन्नई: ₹950 एक्स्ट्रा
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन शुल्क
- भारतीय उपमहाद्वीप: 500 किमी तक ₹900 और 500 किमी से अधिक पर ₹2,500
- दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन: ₹2,500
- अफ्रीका: ₹5,000
- खाड़ी एवं मध्य पूर्व: 2,000 किमी तक ₹3,000 और 2,000 किमी से अधिक पर ₹5,000
- अन्य मार्ग: 2,000 किमी तक ₹3,500 और 2,000 किमी से अधिक पर ₹5,000
- ग्रीस और तुर्की: ₹7,500
- यूके एवं यूरोप (ग्रीस और तुर्की को छोड़कर): ₹10,000
क्या आगे और बढ़ेंगे दाम?
इंडिगो ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद जताया है। कंपनी का कहना है कि परिचालन खर्च बढ़ने के कारण यह कदम उठाना मजबूरी थी। एयरलाइन स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और यदि ईंधन की कीमतों में गिरावट आती है, तो भविष्य में इसमें संशोधन भी किया जा सकता है।
