(www.arya-tv.com) इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया है। मुंबई से गोरखपुर आ रही फ्लाइट में यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। सिगरेट जलते ही फ्लाइट में फायर अलार्म बज गया। जिससे यात्रियों समेत क्रू मेंबर अलर्ट हो गए। कैप्टन और क्रू मेंबर्स ने उसकी सिरगेट बुझवाई।
फ्लाइट के गोरखपुर लैंड करते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा अधिकारियों ने यात्री को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एयरलाइंस के सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज करते हुए यात्री को अरेस्ट कर लिया है।
यात्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया, केस दर्ज
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर 6E- 544 रोजाना दोपहर 3.35 बजे मुंबई से उड़ान भरकर शाम 6 बजे गोरखपुर पहुंचती है। गुरुवार को भी यह फ्लाइट मुंबई से अपने निर्धारित समय पर उड़ान भरी। गोरखपुर पहुंचने से कुछ देर पहले अचानक फ्लाइट में फायर अलार्म बजने लगा। अलार्म बजते ही फ्लाइट कैप्टन समेत सभी क्रू मेंबर अलर्ट हो गए।
चलती फ्लाइट में चेकिंग शुरू की गई तो एक व्यक्ति टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। क्रू मेंबर्स ने उसे पकड़कर तत्काल सिगरेट बुझवाई। सिगरेट पी रहे यात्री ने बताया कि उसका नाम कृष्ण कुमार मिश्रा है और वो देवरिया के बरियापुर करौदी बाजार का रहने वाला है। एयरलाइंस के सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
SP सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि यात्री के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फ्लाइट के क्रू मेंबर्स की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। एयरपोर्ट पर तैनात पुलिसकर्मी और एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों को चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। यात्री सिगरेट और उसे जलाने के लिए लाइटर लेकर कैसे फ्लाइट में बैठ गया, यह बेहद गंभीर विषय है।
इंडिगो फ्लाइट में स्मोकिंग कर रही थी युवती
ये पहला मामला नहीं है, जब किसी यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया हो। इसके पहले 5 मार्च को इंडिगो की फ्लाइट में एक 24 साल की युवती को पकड़ा गया था। कोलकाता-बेंगलुरू फ्लाइट में एक युवती टॉयलेट में सिगरेट पी रही थी। इसकी तरह 4 मार्च को अनिल मीना नाम का शख्स एअर इंडिया की कोलकाता-दिल्ली फ्लाइट में स्मोक करते पकड़ा गया था।
पैसेंजर के दुर्व्यवहार के मामले बढ़ रहे
नेशनल-इंटरनेशनल फ्लाइट में पैसेंजर के दुर्व्यवहार के मामले बढ़ रहे हैं। को-पैसेंजर्स पर पेशाब करने के मामले सामने आए हैं। यात्रियों के नशे में धुत होने की खबरें भी आई हैं। ऐसे में एयरपोर्ट अथॉरिटीज पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, एयरपोर्ट में एंट्री करने के बाद पहले यात्री के बैगेज की स्कैनिंग होती है। उसके बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में शरीर की तलाशी ली जाती है। हैंड बैगेज की भी जांच की जाती है। बावजूद इसके पैसेंजर्स के पास फ्लाइट के अंदर सिगरेट और शराब का होना सवाल खड़े करता था।