(www.arya-tv.com)आगरा के थाना ताजगंज अंतर्गत एकता पुलिस चौकी के पास दो बदमाशों ने पूर्व फौजी के गोली मार दी। गोली लगने के बाद पूर्व फौजी स्कूटी चलाकर पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस को जानकारी देकर वो स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचा। अभी पूर्व फौजी की हालत गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार रात साढे़ नौ बजे की घटना
सेना से रिटायर ब्रजेश कुमार शमसाबाद रोड पर मारुति सिटी कालोनी में रहते हैं। ब्रजेश जेपी होटल में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर काम करते हैं। मंगलवार रात को वो ड्यूटी पर जा रहे थे। रात करीब साढे़ नौ बजे एकता चौकी से करीब 300 मीटर पहले एक बाइक पर दो युवकों ने उनकी स्कूटी के पास बाइक लगाकर रोकने को कहा।
ब्रजेश ने कुछ गड़बड़ लगने पर अपनी स्कूटी को भगा दिया। तभी बाइक सवार एक युवक ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली पूर्व फौजी के पेट में लगी। बाइक सवार बदमाश वहा से भाग निकले।
स्कूटी से पहुंचे पुलिस चौकी
ब्रजेश के रिश्तेदार कपिल ने बताया कि गोली लगने के बाद ब्रजेश कुमार ने अपनी स्कूटी नहीं रोकी। वो घायल अवस्था में एकता पुलिस चौकी पहुंचे। वहां पर एक सिपाही मौजूद था। उन्होंने सिपाही को बताया कि उनके गोली मार दी गई है। इसके बाद वो गंभीर अवस्था में स्कूटी चलाकर जीआर हॉस्पीटल पहुंचे। वहां से घरवालों को फोन कर सूचना दी। सूचना पर सभी लोग हॉस्पीटल पहुंचे।
गंभीर अवस्था में भर्ती
पूर्व फौजी को जीआर हॉस्पीटल से विम्स हॉस्पीटल में रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।