प्रयागराज।(www.arya-tv.com) यूपी के प्रतापगढ़ जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो जाते हैं लेकिन पुलिस उनका सुराग नहीं लगा पाती। ऐसा ही कुछ शनिवार की सुबह लालगंज कोतवाली क्षेत्र में हुआ। दुकानदार को नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। इसके बाद वह पैदल ही वहां से भाग गए। गोली दुकानदार के हाथ में लगी। गोली की आवाज पर ग्रामीण वहां पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने लहूलुहान हालत में दुकानदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लालगंज थाना क्षेत्र के मुकीम बाजार निवासी मोहम्मद शकील उर्फ लालबाबू 40 पुत्र मो मुकीम दुकानदार है। वह अपने पैतृक घर में रहता है। घर से करीब 200 मीटर दूर सगरा सुंदरपुर डेरवा मार्ग पर उसकी चाय की दुकान है।
इसी दुकान के सहारे वह अपने परिवार का खर्च चलाता है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे वह दुकान खोलने के लिए जा रहा था। डीहमेंहदी बाबूगंज बाजार की गली से होकर वह जा रहा था।ज्यों ही शकील गली में पहुंचा पहले से ही घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया।
जब तक वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसे तमंचे से गोली मार दी। गोली शकील के दाहिने कंधे के नीचे हाथ में लगी। वारदात के बाद बदमाश पैदल ही गली में से होते हुए फरार हो गए। उधर गोली की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। लहूलुहान हाल में शकील को पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। तब तक शकील के घरवाले भी बिलखते हुए पहुंचे। कुछ ही देर में वहां पहुंची पुलिस घायल शकील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गई।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाके में कुछ वर्ष पूर्व एक सपा कार्यकर्ता और एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या हो चुकी है। इस घटना के बाद बाजार में भय व दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस शकील के परिवार वालों व घटनास्थल के आसपास रहने वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बदमाशों का भी सुराग लगा रही है।