- कड़ाके की ठंड में मानवता की मिसाल: सरकार के साथ सामाजिक संस्थाएं भी बनीं सहारा
लखनऊ। उत्तर भारत में पड़ रही भीषण ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासतौर पर बेघर, निराश्रित और गरीब तबके के लोगों के लिए यह ठंड किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसे में सरकार जहां रैन बसेरों और जगह-जगह अलाव की व्यवस्था कर राहत पहुंचाने में जुटी है, वहीं सामाजिक संस्थाएं भी आगे आकर मानवता की मिसाल पेश कर रही हैं।
इसी क्रम में गोपेश्वर सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा लखनऊ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाना और उन्हें सुरक्षित रखने में सहयोग करना रहा। संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने सर्द हवाओं की परवाह किए बिना दिन-रात सेवा कार्य में जुटकर सामाजिक कर्तव्यों का निर्वहन किया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी और उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आस-पड़ोस में रहने वाले जरूरतमंद लोगों की अपनी क्षमता के अनुसार सहायता अवश्य करें, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। कंबल वितरण कार्यक्रम में गोपेश्वर सेवा समिति ट्रस्ट के पंकज श्रीवास्तव, विवेक खरे, सुनील सिन्हा, शैलेंद्र श्रीवास्तव, सुनील सिंह, मनीष बाजपेई, निखिल पाल, हेमेंद्र वर्मा, संजय गुप्ता, धीरज पाल सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस तरह सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से ठंड में जूझ रहे जरूरतमंदों को राहत मिल रही है और समाज में सेवा व सहयोग की भावना और मजबूत हो रही है।
