जिलाधिकारी विशाख जी ने मलिहाबाद अंतर्गत जिंदौर प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं। वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत का गठन होने से अब तक एक भी बैठक नहीं कराई गई। न ही निर्वाचित सदस्यों से विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए गए। प्रधान और सचिव ने जो कार्य कराए गए वह जांच में मनमाने और घटिया मिलने पर कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी से जिंदौर गांव के राजेश कुमार ने शपथ पत्र के माध्यम से शिकायत की थी। आरोप था कि विकास कार्य प्रधान व सचिव ने मनमाने तरीके से प्रस्ताव बनाकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल करके कराए। इस प्रकरण की जांच जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह से कराई। 23 दिसंबर 2025 जांच आख्या उपलब्ध कराई। इसमें ग्राम पंचायत जिंदौर के वर्ष 2021-22, 2022-23 व 2023-24 में कराए गए कार्यों के स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखीय परीक्षण में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितताएं मिलने पर दोषी पाया। इस आधार पर प्रधान वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार अग्रिम आदेश तक सीज कर दिए। तब तक कार्यों का संचालन ग्राम पंचायत के तीन सदस्यों की समिति द्वारा किया जाएगा।
